Full Story

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के बाईपास थाना क्षेत्र में कोयली खुटाहा गांव के पास गुरुवार को बाढ़ के पानी में डूब रहे एक बच्चे को बचाने की कोशिश के दौरान उसकी मां और तीन अन्य बच्चे भी डूब गए, जिससे एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों में एक महिला, उसके तीन बच्चे और एक अन्य किशोर शामिल हैं। सभी इसी गांव के रहने वाले थे। नहाते समय गहरे पानी में पहुंचा बच्चा पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक बच्चा बाढ़ के पानी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। पास मौजूद उसकी मां उसे बचाने के लिए पानी में उतरी, लेकिन वह भी डूबने लगी। मां-बेटे को मुश्किल में देखकर वहां मौजूद तीन अन्य बच्चों ने भी उन्हें बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। गहरे पानी में पांचों डूब गए और किसी की जान नहीं बच सकी। एक ही परिवार ने खोए चार सदस्य हादसे में गांव के मुकेश साह की 35 वर्षीय पत्नी मंचो देवी, दो पुत्रों अभिषेक कुमार (9 वर्ष) अक्षय कुमार (8 वर्ष) एवं पुत्री सोनाक्षी कुमारी (13 वर्ष) की मौत हो गई। पांचवां मृतक गांव का ही एक अन्य किशोर बताया गया है। एक बच्चे को बचाने के लिए शुरू हुआ प्रयास पूरे परिवार के लिए त्रासदी बन गया। मां और तीन बच्चों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, गोताखोरों ने निकाले शव घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। स्थानीय पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। पुलिस के अनुसार, पांचों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय-अस्पताल भेजा गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये की सहायता जिला प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन के तहत प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि दी गई है।