Full Story

देवघर। फ्लिपकार्ट और कूरियर कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर कैश ऑन डिलीवरी (सीओडी) पार्सल, डिलीवरी चार्ज और एड्रेस वेरिफिकेशन के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले चार साइबर अपराधियों को झारखंड की देवघर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया है, जिनके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और मिरर सिम बरामद किए गए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बिहार के नवादा जिले के धर्मराज कुमार सिंह (19), सत्यम कुमार सिंह (20), गौतम कुमार सिंह (22) और राजाराम कुमार सिंह (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी नवादा जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। सीओडी पार्सल और एड्रेस वेरिफिकेशन के नाम पर करते थे ठगी प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये अपराधी लोगों को फोन कर नकली कैश ऑन डिलीवरी (सीओडी) पार्सल, डिलीवरी चार्ज, कस्टम शुल्क, एड्रेस वेरिफिकेशन या अन्य बहाने बनाकर ऑनलाइन भुगतान करने के लिए कहते थे। जैसे ही पीड़ित भुगतान करता, उसके साथ साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था। मोबाइल, सिम और मिरर सिम बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड और 1 मिरर सिम बरामद किया है। शुरुआती जांच में पुष्टि हुई है कि इन मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर अपराध को अंजाम देने में किया जा रहा था। बढ़ते साइबर फ्रॉड के बीच बड़ी कार्रवाई पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन शॉपिंग और कूरियर सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ऐसे साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, लिंक या भुगतान अनुरोध पर भरोसा करने से पहले पूरी तरह सत्यापन करना जरूरी है।