Full Story
मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को दिनभर उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला, लेकिन अंत में बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 104.35 अंक टूटकर 78,180.72 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 31.65 अंक फिसलकर 24,398.70 पर आ गया। सबसे ज्यादा चर्चा टाटा समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट की रही, जिसका शेयर 12 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया। दरअसल, ट्रेंट ने सोमवार को अपनी पहली तिमाही का कारोबारी अपडेट जारी किया था। कंपनी ने बताया कि 30 जून को खत्म तिमाही में उसका राजस्व 19 फीसदी बढ़कर 5,666 करोड़ रुपये पहुंचा है। हालांकि यह बढ़त बाजार की उम्मीद से कम रही, जिससे निवेशकों ने शेयर में बिकवाली शुरू कर दी और ट्रेंट का स्टॉक जोरदार दबाव में आ गया। मंगलवार के कारोबार में बाजार में चौतरफा दबाव दिखा। निफ्टी मिडकैप-50 लगभग सपाट बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप-100 में 0.55 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टरों की बात करें तो आईटी शेयरों ने सबसे ज्यादा मजबूती दिखाई। इसके अलावा टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और एफएमसीजी सेक्टर भी हरे निशान में बंद हुए। वहीं दूसरी ओर धातु, फार्मा, बैंकिंग, रियल्टी, रसायन, हेल्थकेयर और मीडिया सेक्टरों में बिकवाली हावी रही। यानी बाजार का मूड कुल मिलाकर कमजोर ही रहा और कुछ चुनिंदा सेक्टरों की तेजी भी बड़ी गिरावट को नहीं रोक सकी। सेंसेक्स के शेयरों में एचसीएल टेक, इंफोसिस और टेक महिंद्रा ने करीब 3 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की। टाइटन 2.62 फीसदी चढ़ा, जबकि इटरनल में 2 फीसदी की तेजी रही। टीसीएस और बजाज फाइनेंस भी 1 से 2 फीसदी तक मजबूत बंद हुए। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ नुकसान उठाने वाले शेयरों में ट्रेंट सबसे आगे रहा। इसके बाद अडानी पोर्ट्स, बीईएल, एलएंडटी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 1 से 2 फीसदी तक टूटे। आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, टाटा स्टील, सन फार्मा, पावरग्रिड और अल्ट्राटेक सीमेंट भी लाल निशान में बंद हुए।



Comments
0