Full Story
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी गांव के पास कोयला लदे ट्रक और ताशा पार्टी के सदस्यों से भरी पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई, तथा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार काे यहां बताया कि लारी गांव स्थित बुध बाजार के पास होटल सम्राट के समीप गुरुवार देर रात मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रही ताशा पार्टी की पिकअप की सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार में था और टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पिकअप पर सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सभी मृतक ताशा पार्टी के सदस्य थे। इनमें दो युवक रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव और पांच कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक (जेएच 02एए-4786) को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मुआवजे की मांग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा हादसे के बाद शुक्रवार सुबह तक रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराया।



Comments
0