Full Story

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र में सड़क पर पानी बहाने के विवाद में महिला समेत दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल खून से सनी एक लाठी भी बरामद की गई है। वारदात इस वर्ष 09 सितंबर की रात जिहुली जमुनी टोला के वार्ड संख्या 12 में हुई थी। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। इनमें मदीना खातून और जमील अख्तर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सड़क पर पानी बहाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी पुलिस के मुताबिक, सड़क पर पानी बहाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। बात बढ़ने पर मारपीट और कथित चाकूबाजी हुई।हमले में हदीस मोहम्मद के पुत्र मोसी अख्तर, उनकी पत्नी मदीना खातून और मोसी के भाई जमील अख्तर घायल हो गए। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल मदीना और जमील को बचाया नहीं जा सका। दो मौतों के बाद गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा महिला और उसके देवर की मौत के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार और पताही थानाध्यक्ष बवन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। संजय, नागनारायण और लक्ष्मी नारायण गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सियाराम सिंह के पुत्र संजय सिंह , सीताराम सिंह के पुत्र नागनारायण सिंह और स्वर्गीय लगन सिंह के पुत्र लक्ष्मी नारायण सिंह शामिल हैं। तीनों पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव के निवासी हैं और मामले में नामजद हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की निशानदेही पर मिली लाठी पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खून से सनी एक लाठी बरामद करने की जानकारी दी है। उसका कहना है कि इस लाठी का इस्तेमाल वारदात में किया गया था। दो लोगों की जान लेने वाली इस घटना में अब तीन नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। गांव में सुरक्षा व्यवस्था के बीच मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।