Full Story

मुंबई। विदेशी बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को जोरदार खरीदारी लौटने से बीएसई सेंसेक्स 443.97 अंक की बढ़त के साथ 76,922.64 और एनएसई निफ्टी 140.10 अंक मजबूत होकर 24,005.85 पर बंद हुआ। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दिखी खरीददारी बाजार की तेजी सिर्फ बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.69 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इन सेक्टरों ने दिखाई मजबूती बुधवार के कारोबार में एफएमसीजी, रियल्टी, मीडिया, ऑटो, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। हालांकि आईटी, धातु, फार्मा, हेल्थकेयर और रसायन क्षेत्र के शेयरों पर दबाव बना रहा। इन शेयरों ने बनाई बढ़त की अगुवाई सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल का शेयर सबसे अधिक करीब 4.75 प्रतिशत उछला। एशियन पेंट्स और हिंदुस्तान यूनिलीवर में लगभग 3 प्रतिशत, जबकि अडानी पोर्ट्स में 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और बीईएल के शेयर 1 से 2 प्रतिशत तक मजबूत होकर बंद हुए। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, पावरग्रिड, सन फार्मा, ट्रेंट और एनटीपीसी भी बढ़त के साथ बंद हुए। आईटी शेयरों में बिकवाली का दबाव दूसरी ओर, आईटी सेक्टर में कमजोरी देखने को मिली। एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा के शेयर 3 से 3.5 प्रतिशत तक टूट गए। टीसीएस में 2.55 प्रतिशत की गिरावट रही, जबकि टाटा स्टील, इंफोसिस और एलएंडटी के शेयर भी 1 प्रतिशत से अधिक फिसलकर बंद हुए।