Full Story

नई दिल्ली/पेरिस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि बदलते वैश्विक हालात में दुनिया स्थिर और भरोसेमंद साझेदारों की तलाश कर रही है और भारत अपनी आर्थिक ताकत, विकास और विश्वसनीयता के दम पर एक भरोसेमंद वैश्विक भागीदार के रूप में तेजी से उभर रहा है। श्री मोदी ने जी -7 देशों के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद स्वदेश रवाना होने से पहले गुरुवार रात फ्रांस की राजधानी पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “आज दुनिया ऐसे देशों की तलाश में है, जिन पर लंबे समय तक भरोसा किया जा सके और भारत अपनी क्षमताओं, स्थिरता और संभावनाओं के दम पर उस उम्मीद पर खरा उतर रहा है। व्यापार के साथ भरोसा भी बना सबसे बड़ी ताकत प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब देशों के बीच रिश्ते केवल व्यापार पर आधारित होते थे, लेकिन अब भरोसा भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है। हर देश मजबूत और सुरक्षित सप्लाई चेन चाहता है। ऐसे में भारत दुनिया के लिए एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया देख रही है कि भारत सिर्फ आने वाले समय की तैयारी नहीं कर रहा बल्कि भविष्य की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। 12 साल में दोगुनी हुई अर्थव्यवस्था श्री मोदी ने पिछले 12 वर्षों में देश में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान भारत की अर्थव्यवस्था दोगुनी हुई है। देश में हवाई अड्डों और विश्वविद्यालयों की संख्या भी दोगुनी हो गई है। उन्होंने बताया कि हाईवे निर्माण की रफ्तार तीन गुना बढ़ी है जबकि देश का मेट्रो नेटवर्क चार गुना विस्तार कर चुका है। इससे देश में कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिली है। 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की कहानी सिर्फ आर्थिक विकास की कहानी नहीं है बल्कि यह सामाजिक बदलाव की भी कहानी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि यह भारत की आकांक्षाओं, अवसरों और आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देने वाला दौर है। भविष्य की तकनीकों में निवेश पर जोर मोदी ने कहा कि आज का भारत भविष्य का पूरा इकोसिस्टम तैयार कर रहा है। देश एक साथ उन सभी क्षेत्रों में निवेश कर रहा है, जो आने वाले दशकों की दिशा तय करेंगे। चाहे तकनीक हो, इंफ्रास्ट्रक्चर, नवाचार, शिक्षा या ऊर्जा क्षेत्र—भारत हर मोर्चे पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मैक्रों ने हिंदी में दी विदाई फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को वीडियो संदेश के जरिए हिंदी में विदाई दी। उन्होंने कहा, "प्रिय मित्र नरेंद्र, इस दौरे पर आपका स्वागत करके मुझे बहुत खुशी हुई। फ्रांस और भारत की दोस्ती अमर रहे।" मैक्रों के इस संदेश को भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से सराहा। छह दिन के विदेश दौरे का समापन गौरतलब है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 13 जून को स्लोवाकिया और फ्रांस की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए थे। जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने और विभिन्न द्विपक्षीय बैठकों के बाद वह गुरुवार को स्वदेश के लिए रवाना हो गए।