Full Story
मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई तथा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों युवक मुजफ्फरपुर से चकिया टोल टैक्स की ओर जा रहे थे। दोनों पंचर बनाने का काम करते थे। इसी दौरान माधव संतति अस्पताल के सामने उनकी मोटरसाइकिल अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार देर रात हुई दुर्घटना में घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल पहुंचते ही एक युवक को मृत घोषित किया घटना की सूचना मिलने पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को चकिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के भरवारा प्रतापी गांव निवासी मोहम्मद इस्लाम के 24 वर्षीय पुत्र मोहम्मद वकील के रूप में हुई है। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस हादसे के बाद चकिया थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। मृतक के शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



Comments
0