Full Story
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले बरसोई प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ के पानी के साथ महानंदा नदी में मगरमच्छ दिखाई देने से भरतपुर घाट के आसपास दहशत फैल गई है, जिसके बाद प्रशासन ने लोगों से नदी में नहीं जाने, बच्चों को नदी किनारे न भेजने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। बाढ़ के पानी के साथ पहुंचा मगरमच्छ! स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल की बाढ़ के बाद महानंदा नदी में मगरमच्छ आ गया है। भरतपुर घाट के पास रहने वाले मोहम्मद शमीम अख्तर ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह नदी किनारे बैठे थे तभी उन्होंने मगरमच्छ को पानी में तैरते हुए देखा। कुछ ही देर बाद वह किनारे तक आ गया। मगरमच्छ को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ और शोर-शराबा सुनते ही मगरमच्छ फिर पानी में चला गया और मालपाड़ा घाट की ओर निकल गया। लगातार तीन दिन से दिख रहा मगरमच्छ ग्रामीणों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है। पिछले तीन दिनों से भरतपुर घाट के आसपास मगरमच्छ दिखाई दे रहा है। इससे गांव के लोगों में भय का माहौल है। परिवार अपने बच्चों पर विशेष नजर रख रहे हैं ताकि कोई नदी के पास न जाए। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द मगरमच्छ का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मांग की है। प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी बरसोई अंचल पदाधिकारी श्याम सुंदर साहा और प्रखंड राजस्व पदाधिकारी सोनू कुमार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को नदी किनारे अकेले न जाने दें और फिलहाल कोई भी व्यक्ति नदी में नहाने या अन्य काम के लिए पानी में न उतरे। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वन विभाग से जल्द कार्रवाई की उम्मीद स्थानीय लोगों का कहना है कि मगरमच्छ की मौजूदगी से रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। लोगों को डर है कि यदि समय रहते रेस्क्यू नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में सभी की नजर अब वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।



Comments
0