Full Story

मोतिहारी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी में मेडिकल कॉलेज, बंद चीनी मिल को पुनर्जीवित करने, तारामंडल और अटल कला भवन के निर्माण समेत कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि पूर्वी चंपारण को पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए सरकार व्यापक स्तर पर काम कर रही है। श्री चौधरी ने मोतिहारी के गांधी मैदान में पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय बापूधाम महोत्सव-2026 का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जिले को करीब 285 करोड़ रुपये की लागत वाली 145 विकास योजनाओं की सौगात दी। इन योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास रिमोट के माध्यम से किया गया। बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज, मोतिहारी में तारामंडल मुख्यमंत्री ने कहा कि बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा और मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण जल्द शुरू होगा। पीपराकोठी में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय को स्थानीय लोगों की मांग के अनुरूप अब बरियारपुर में स्थापित किया जाएगा। वहीं, नेहरू स्टेडियम में संचालित केंद्रीय विद्यालय के स्थान पर इंडोर स्टेडियम विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्वी चंपारण में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और फिश प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा। तेतरिया के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क तथा मोतिहारी में वर्तमान मदर डेयरी से भी बड़े मदर डेयरी संयंत्र की योजना है। कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा। मोतीझील के किनारे बनेगा ‘मरीन ड्राइव’ मोतिहारी की परिवहन व्यवस्था को नया स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री ने मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर और अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क एवं नाला निर्माण को ‘मरीन ड्राइव’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा पीपरा एनएच-27 से राजपुर चौक भाया कल्याणपुर 17 किलोमीटर सड़क के उन्नयन की भी घोषणा की। अरेराज मंदिर तक जाने वाली प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण भी कराया जाएगा। हवाईअड्डों के विकास पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्सौल में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में हवाई अड्डों के विकास की दिशा में काम चल रहा है। मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जाएगा। चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक, लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज के जीर्णोद्धार और मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचनाओं के विकास की योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया। बिहार में खुलेगा एनएसडी का नया कैंपस श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिल गई है। राज्य सरकार इसके लिए भूमि उपलब्ध कराएगी तथा भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी। इससे राज्य के युवा कलाकारों को पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट और शोध के अवसर राज्य में ही उपलब्ध होंगे। 9214 जीविका समूहों को 211 करोड़ की सहायता कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों के स्टॉल पर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अभियान बसेरा के तहत पात्र लाभुकों को बासगीत पर्चा तथा मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल दी गई। वहीं 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से आर्थिक सहयोग के लिए 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को प्रदान की गई। श्री चौधरी ने कहा कि सहयोग कार्यक्रम के माध्यम से अब तक करीब सात लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 96 प्रतिशत से अधिक का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य में एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है और पिछले दो महीनों में ही 35 लाख लोगों को राशन कार्ड दिए गए हैं। 2030 से पहले एक करोड़ रोजगार का लक्ष्य मुख्यमंत्री ने कहा कि गंडक, कोसी, बागमती और गंगा नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और सरकार जल प्रबंधन एवं राहत कार्यों पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि 2030 के चुनाव से पहले उद्योगों को बढ़ावा देकर एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उत्तर बिहार में मछली उत्पादन बढ़ाने और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। पीएचडी छात्राओं को हर महीने 10 हजार की छात्रवृत्ति श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में पीएचडी छात्राओं को चार वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है। राज्य में 700 मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं, जहां ऑनलाइन शिक्षकों के माध्यम से जेईई और नीट की तैयारी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन शुरू कराया गया है। गांधी की धरती पर विरासत को दुनिया तक पहुंचाने का संकल्प मुख्यमंत्री ने बापूधाम महोत्सव को चंपारण की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह को याद करते हुए कहा कि गांधी ने किसानों को नील की खेती और अंग्रेजी अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और सांसद राधामोहन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक एवं विधान पार्षद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।