Full Story

पटना: राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में जीरो माइल के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक युवक की मौत के बाद लोगों का गुस्सा हिंसा में बदल गया और उग्र भीड़ ने हाईवे जाम करने के साथ बस, पुलिस वाहनों और बाइक समेत करीब 10 गाड़ियों में आग लगा दी। भीड़ में घुसे उपद्रवी तत्व, हालात काबू में मौके पर पहुंचे एएसपी राज कुमार सिंह ने बताया कि सड़क पार करने के दौरान युवक मनीष कुमार बस की चपेट में आ गए, जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई और इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने उत्पात मचाते हुए बस और पुलिस वाहन समेत कई गाड़ियों में आग लगा दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ को शांत करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस ने मनीष कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बस की टक्कर से मौत, फिर सड़क पर उतरी भीड़ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जीरो माइल के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार बस ने युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। नाराज लोगों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ ही देर में प्रदर्शन हिंसक हो गया और भीड़ ने सड़क पर खड़े वाहनों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। बस से पुलिस की गाड़ियों तक में लगा दी आग आक्रोशित भीड़ ने एक बस और पुलिस की दो गाड़ियों समेत कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। बाइक और अन्य वाहनों को भी निशाना बनाया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक करीब 10 वाहनों में आगजनी की गई। आग की लपटें उठने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर यातायात ठप हो गया और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे। ट्रैफिक पुलिस पोस्ट भी फूंका हिंसा यहीं नहीं रुकी। भीड़ ने जीरो माइल के पास स्थित ट्रैफिक पुलिस पोस्ट में भी आग लगा दी। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन बताया गया कि उग्र भीड़ ने उसे भी आगे बढ़ने से रोक दिया। इससे स्थिति और गंभीर हो गई। कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों से भी मारपीट घटना की कवरेज कर रहे पत्रकार और कैमरामैन भी भीड़ के निशाने पर आ गए। कुछ मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई, जबकि उपलब्ध सूचना के मुताबिक एक मीडिया वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया। पांच थानों की पुलिस पहुंची, भारी फोर्स तैनात हालात बेकाबू होने की सूचना मिलते ही एएसपी पटना सिटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। स्थिति संभालने के लिए पांच थानों की पुलिस को लगाया गया। अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने के बाद धीरे-धीरे स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। इलाके की घेराबंदी कर पुलिस लगातार हालात पर नजर रख रही है। सीसीटीवी और वीडियो से होगी उपद्रवियों की पहचान पुलिस ने अब आगजनी, तोड़फोड़ और मारपीट करने वालों की पहचान शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ वायरल वीडियो भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।