Full Story

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार बल्लेबाज और टीम इंडिया की उप-कप्तान स्मृति मंधाना को टाइम मैगजीन की 2026 की 100 मोस्ट इन्फ्लुएंशियल स्पोर्ट्स पर्सनैलिटीज की सूची में शामिल किया गया है, जिससे वह इस प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाने वाली इकलौती भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। दुनिया के दिग्गजों के बीच स्मृति की चमक 29 वर्षीय स्मृति मंधाना का नाम इस सूची में फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, बास्केटबॉल लीजेंड लेब्रोन जेम्स, टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज और दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा जैसे खेल जगत के बड़े नामों के साथ शामिल हुआ है। रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहीं स्मृति स्मृति का यह सम्मान ऐसे समय में आया है जब वह अपने करियर के शानदार दौर से गुजर रही हैं। हाल ही में वह पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर टी-20 इंटरनेशनल में भारत की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनीं। 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाली मंधाना अब तक 167 टी-20 मुकाबलों में 4,401 रन बना चुकी हैं। उनके नाम एक शतक और 34 अर्धशतक भी दर्ज हैं। कप्तानी में भी दिखाया दम स्मृति सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि कप्तानी में भी शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने 2024 और 2026 में विमेंस प्रीमियर लीग का खिताब दिलाते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चैंपियन बनाया। वर्ल्ड कप में भी रचा इतिहास 2025 विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में स्मृति भारत की सबसे सफल बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 9 मैचों में 434 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे। यह किसी एक महिला वर्ल्ड कप संस्करण में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने पूर्व कप्तान मिताली राज के 2017 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अवॉर्ड्स की भी है लंबी फेहरिस्त स्मृति मंधाना दो बार आईसीसी विमेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब जीत चुकी हैं। वहीं 2025 में उन्हें बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर का सम्मान भी मिला था। क्यों खास है यह उपलब्धि टाइम की यह सूची सिर्फ खेल प्रदर्शन नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के इन्फ्लुएंस, लीडरशिप और ग्लोबल पहचान को भी सम्मान देती है। ऐसे में दुनिया के सबसे बड़े खेल सितारों के बीच स्मृति मंधाना का नाम शामिल होना भारतीय महिला क्रिकेट के लिए गर्व का बड़ा पल माना जा रहा है।