Full Story
नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतने और सीधे लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक का टिकट हासिल करने के लक्ष्य के साथ हॉकी इंडिया ने 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की, जिसकी कमान एक बार फिर सलीमा टेटे को सौंपी गई है जबकि अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया समेत कई सीनियर खिलाड़ियों को भी टीम में जगह मिली है। सलीमा के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी मिडफील्डर सलीमा टेटे टीम की कमान संभालेंगी जबकि अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया , नवनीत कौर और लालरेमसियामी जैसी सीनियर खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। सविता ने पिछले एशियन गेम्स (हांगझोऊ 2023) में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए कांस्य पदक दिलाया था। गोल्ड के साथ ओलंपिक टिकट भी दाव पर महिला हॉकी प्रतियोगिता 18 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक जापान के गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेली जाएगी। इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि चैंपियन टीम को सीधे लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक का टिकट मिलेगा , जिससे मुकाबला और भी रोमांचक होने वाला है। अनुभव और युवा जोश का शानदार मेल टीम में सविता पुनिया, सुशीला चानू, निक्की प्रधान और नवनीत कौर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ललथांतलुआंगी, शिल्पी डबास और अन्य युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। इन खिलाड़ियों ने हाल ही में एफआईएच नेशंस कप में शानदार प्रदर्शन कर अपनी जगह पक्की की थी। 1982 के बाद दूसरे गोल्ड का इंतजार भारतीय महिला हॉकी टीम ने अब तक एशियन गेम्स में एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीते हैं। टीम ने अपना इकलौता स्वर्ण पदक 1982 के नई दिल्ली एशियन गेम्स में जीता था। अब सलीमा टेटे की अगुआई में भारतीय टीम 44 साल बाद इतिहास दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेगी।



Comments
0