Full Story

मुंबई। जिस फिल्मी दुनिया में अक्सर शोर-ओ-गुल, सुर्खियां और दिखावा कामयाबी का पैमाना बन जाते हैं वहां कृति खरबंदा ने अपनी संजीदा अदाकारी, बहुमुखी हुनर और लगातार बेहतरीन काम के दम पर एक अलग पहचान कायम की है और 'राणा नायडू 2' में उनकी यादगार परफॉर्मेंस इस बात का सबसे मजबूत सुबूत है कि वह अपनी पीढ़ी की सबसे अंडररेटेड मगर काबिल अदाकाराओं में से एक हैं। कृति की काबिलियत को हमेशा सराहा गया लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिली जिसकी वे हकदार रही हैं। यही वजह है कि 'राणा नायडू 2' में उनकी परफॉर्मेंस रिलीज के एक साल बाद भी चर्चा का अहम विषय बनी हुई है। हिंदी, तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा चुकी कृति ने वर्षों के दौरान अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की है। बावजूद इसके, उनकी गिनती अक्सर उन अभिनेत्रियों में नहीं की जाती, जिन्होंने लगातार अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया है। वेब सीरीज 'राणा नायडू 2' ने इस धारणा को बदलने का काम किया। सीरीज में आलिया ओबेरॉय के किरदार के जरिए कृति ने इंडिया की सबसे चर्चित स्ट्रीमिंग फ्रेंचाइज़ी में कदम रखा। यह भूमिका उनके पहले निभाए गए किरदारों से काफी अलग थी। महत्वाकांक्षा, जज्बात, नाज़ुक संवेदनाओं और भीतर की मजबूती से भरे इस किरदार को उन्होंने बेहद संतुलित अंदाज में पर्दे पर उतारा। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि दमदार शख्सियतों और हाई-वोल्टेज ड्रामा से भरपूर कहानी में भी कृति ने अपनी अलग पहचान कायम रखी। उनकी परफॉर्मेंस कहीं भी बनावटी या जरूरत से ज्यादा नाटकीय नहीं लगी। उन्होंने साबित किया कि असर छोड़ने के लिए हमेशा ऊंची आवाज या बड़े-बड़े संवादों की जरूरत नहीं होती बल्कि सधा हुआ अभिनय भी दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ सकता है। 'राणा नायडू 2' ने कृति की उस खासियत को भी उजागर किया, जिसने उन्हें हमेशा अलग बनाया है—हर किरदार और हर माहौल में खुद को ढाल लेने की क्षमता। रोमांटिक फिल्मों और कॉमेडी से लेकर थ्रिलर और अब एक रॉ व ग्रिटी स्ट्रीमिंग ड्रामा तक, उन्होंने हर बार खुद को नए अंदाज में पेश किया है। यही वजह है कि कृति को आज भी इंडस्ट्री की सबसे अंडररेटेड अभिनेत्रियों में गिना जाता है। उन्होंने कभी किसी तय फॉर्मूले या एक जैसी छवि पर भरोसा नहीं किया बल्कि अपने काम को ही अपनी पहचान बनने दिया। उनकी विविधतापूर्ण फिल्मोग्राफी इस बात की गवाही देती है। ओटीटी के दौर ने दर्शकों को कलाकारों को नए नजरिए से देखने का मौका दिया है और 'राणा नायडू 2' ने एक बार फिर याद दिलाया कि कृति सिर्फ एक सफल अभिनेत्री ही नहीं बल्कि एक ऐसी परफॉर्मर हैं जो चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं से पीछे नहीं हटतीं और हर नए प्रोजेक्ट के साथ खुद को बेहतर बनाती रहती हैं। यही कारण है कि रिलीज के एक साल बाद भी 'राणा नायडू 2' कृति खरबंदा के करियर का एक अहम मुकाम बना हुआ है। इस सीरीज ने उन्हें दर्शकों से परिचित नहीं कराया बल्कि सभी को यह याद दिलाया कि उनके भीतर कितनी बड़ी अभिनय क्षमता मौजूद है। अगर उनके हालिया प्रोजेक्ट कोई संकेत देते हैं तो उनके करियर के सबसे शानदार अध्याय अभी लिखे जाने बाकी हैं।