Full Story

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और आईटी कंपनियों में भारी बिकवाली की वजह से आज घरेलू शेयर बाजार दिनभर के भारी उतार-चढ़ाव के बाद गिरावट के साथ बंद हुए। वैश्विक तनाव और घरेलू बिकवाली के बीच गुरुवार को शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अगर आप भी आज दिनभर स्क्रीन पर नजरें गड़ाए बैठे थे तो आपने बाजार की रोलर-कोस्टर राइड (उतार-चढ़ाव) को साफ महसूस किया होगा। सुबह गिरावट से शुरुआत हुई, दोपहर में थोड़ी रिकवरी दिखी लेकिन आखिरी एक घंटे के खेल ने पूरी बाजी पलट दी और बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। कैसा रहा आज का स्कोरकार्ड दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद दोनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए: बीएसई का सेंसेक्स: 150.63 अंक (0.20 प्रतिशत) फिसलकर 73,832.55 पर आ गया। एनएसई का निफ्टी-50: 53.35 अंक (0.23 प्रतिशत) टूटकर 23,161.60 पर बंद हुआ। आखिरी एक घंटे में बदला मूड, 875 अंकों का दिखा 'हाई-वोल्टेज ड्रामा' आज बाजार में गजब की हलचल थी। सेंसेक्स में आज पूरे 875 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया। एक समय यह गिरकर 73,519 अंक के निचले स्तर तक चला गया था, तो वहीं इसने 74,394 अंक का ऊपरी स्तर भी छुआ। दोपहर तक लग रहा था कि बाजार संभल जाएगा, लेकिन आखिरी घंटे में आई बिकवाली ने निवेशकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बड़े शेयरों के मुकाबले छोटे और मझोले शेयरों में गिरावट का असर ज्यादा देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप-50 में 0.82 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 में 0.67 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बाजार का मूड खराब होने की वजह क्या रही ग्लोबल टेंशन और आईटी का प्रेशर: इस हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच अचानक तनाव बढ़ गया है, जिसका सीधा असर निवेशकों के सेंटिमेंट पर पड़ा। इस जियोपॉलिटिकल टेंशन की वजह से आईटी (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) सेक्टर में भारी बिकवाली देखने को मिली, जिसने पूरे बाजार को नीचे खींचने का काम किया। अकेले निफ्टी आईटी सूचकांक 1.62 प्रतिशत टूट गया। सेक्टर का हाल: कहां लगी चपत, कहां रही रौनक भारी दबाव वाले सेक्टर्स 🔴 निवेशकों का भरोसा जीतने वाले सेक्टर्स 🟢 आईटी मीडिया टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद फार्मा केमिकल और एफएमसीजी प्राइवेट बैंक सरकारी बैंक और रियल्टी आज के 'विलेन' और 'हीरो' शेयर इन शेयरों ने कराया नुकसान (टॉप लूजर्स): आईटी दिग्गज इंफोसिस का शेयर आज करीब पौने तीन फीसदी तक टूट गया। इसके अलावा एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अडानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इटरनल, बीईएल, एलएंडटी (लार्सन एंड टुब्रो), हिंदुस्तान यूनीलिवर, एशियन पेंट्स, इंडिगो, बजाज फिनसर्व, टीसीएस (टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज), टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी 1 से 2 फीसदी की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। इन्होंने बाजार को संभालने की कोशिश की (टॉप गेनर्स): गिरावट के इस माहौल में भी महिंद्रा एंड महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर डेढ़ फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ चमके। कोटक महिंद्रा बैंक भी 1 फीसदी से ज्यादा चढ़ा, जबकि सन फार्मा, भारती एयरटेल और मारुति सुजुकी के शेयर भी हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे।