Full Story
मुंबई। हफ्ते की शुरुआत शेयर बाजार के लिए अच्छी नहीं रही। पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते तनाव का असर सोमवार को भारतीय बाजारों पर साफ दिखा। बाजार खुलते ही निवेशकों ने बिकवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा टूट गया , जबकि निफ्टी 24,050 के स्तर से नीचे फिसल गया। क्यों टूटा बाजार? बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह पश्चिम एशिया में बढ़ा भू-राजनीतिक तनाव है। अमेरिका ने ईरान पर हमले किए हैं, जबकि जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इस घटनाक्रम से वैश्विक बाजारों में चिंता बढ़ गई है। तनाव बढ़ने के साथ कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई, जिसका असर एशियाई शेयर बाजारों के साथ भारतीय बाजार पर भी पड़ा। सेंसेक्स और निफ्टी का हाल बीएसई का सेंसेक्स 606.04 अंक की गिरावट के साथ 76,963.35 पर खुला। खबर लिखे जाने तक यह करीब 591 अंक (0.76%) टूटकर 77,569.39 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई का निफ्टी-50 167.50 अंक गिरकर 24,039.40 पर खुला और बाद में 174.45 अंक (0.72%) की कमजोरी के साथ 24,032.45 पर कारोबार करता दिखा। हर सेक्टर पर दबाव, सिर्फ मीडिया ने दिखाई मजबूती सोमवार के कारोबार में लगभग सभी सेक्टरों में बिकवाली देखने को मिली। बैंकिंग, फाइनेंशियल, ऑटो, एफएमसीजी, मेटल, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और केमिकल शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव रहा। आईटी इंडेक्स ने शुरुआत में बढ़त दिखाई, लेकिन कुछ ही देर में वह भी लाल निशान में पहुंच गया। मीडिया सेक्टर ही ऐसा रहा, जिसने बाजार की गिरावट के बीच मजबूती दिखाई। इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील और इंडिगो के शेयर करीब 2% तक टूट गए। इसके अलावा एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, बीईएल, अल्ट्राटेक सीमेंट और इटरनल के शेयरों में भी 1% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इन शेयरों ने संभाला मोर्चा गिरते बाजार के बीच टीसीएस, एनटीपीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और पावरग्रिड के शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए, जिससे बाजार को कुछ हद तक सहारा मिला।



Comments
0