Full Story
समस्तीपुर/पटना। बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के राज चकबहाउद्दीन पंचायत के मुखिया सियाराम राय को आज एक लाख 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो सूत्रों ने बुधवार को बताया कि चकबहाउद्दीन निवासी अब्दुल मन्नान ने निगरानी ब्यूरो से शिकायत की थी कि मुखिया सियाराम राय और पंचायत सचिव द्वारा उन्हें निलंबन से मुक्त कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दलसिंहसराय के निकट शिकायतकर्ता की श्रृंगार दुकान पर मुखिया को एक लाख 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य में चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।



Comments
0