Full Story
कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के बारसोई थाना क्षेत्र में चौंदी पंचायत स्थित नया टोली में सोमवार शाम घर से निकला एक नाबालिग मंगलवार सुबह फंदे से लटका मिला। सोमवार शाम घर से निकला, फिर नहीं लौटा मृतक की पहचान जितेंद्र नुनिया , पिता तोपें नुनिया , निवासी नया टोली, बीडी कॉलेज के समीप, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जितेंद्र सोमवार शाम घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह पटवा धोने गए लोगों ने देखा शव पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार सुबह जब कुछ लोग पटवा (पटसन) धोने के लिए गए, तो उन्होंने एक युवक को फंदे से लटका देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि वह जितेंद्र है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जैसे ही घटना की खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे इलाके में मातम का माहौल बन गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा सूचना मिलते ही बारसोई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात बारसोई थाना अध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।



Comments
0