Full Story
पटना। बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया, जहां शाम पांच बजे तक 33.57 प्रतिशत मतदान हुआ, हालांकि पूरे दिन वोटिंग का प्रतिशत 2025 के विधानसभा चुनाव की तुलना में कम रहा और मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर भाजपा एवं जन सुराज समर्थकों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। 2025 के मुकाबले इस बार सुस्त रही वोटिंग बांकीपुर में इस बार मतदान की रफ्तार शुरुआत से ही धीमी रही। सुबह 9 बजे तक केवल 4.61 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि 2025 के विधानसभा चुनाव में इसी समय तक 7.12 प्रतिशत वोट पड़ चुके थे। पूर्वाह्न 11 बजे तक मतदान 11.50 प्रतिशत रहा जबकि पिछले चुनाव में यह 18.45 प्रतिशत था। दोपहर एक बजे तक 20.01 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि 2025 में यह आंकड़ा 31.05 प्रतिशत था। वहीं, दोपहर 3 बजे तक 27.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनाव के 37.02 प्रतिशत से करीब 10 प्रतिशत कम रहा। शाम 5 बजे तक मतदान 33.57 प्रतिशत पहुंचा। भाजपा और जन सुराज के समर्थकों में कई जगह नोकझोंक मतदान के दौरान आनंदपुरी और मीठापुर इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जन सुराज समर्थकों के बीच कहासुनी और तनाव की स्थिति बनी। आनंदपुरी में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। शाम के समय एएन कॉलेज बूथ पर भी दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच गहमागहमी देखने को मिली। प्रशांत किशोर ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों को परेशान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं को डराया जा रहा है और जन सुराज के हेल्प डेस्क हटाए जा रहे हैं। वहीं, भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत कर जन सुराज के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया। 422 बूथों पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। सभी 422 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई। सुरक्षा के लिए 14 कंपनियां केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल , करीब 5,000 पुलिस जवान , 1,266 नगर निगम कर्मी , 9 फ्लाइंग स्क्वॉड , 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम , 6 वीडियो सर्विलांस टीम , 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारी तैनात किए गए थे। इसके अलावा 16 जोनल दंडाधिकारी , 8 सुपर जोनल दंडाधिकारी , नाकेबंदी, वाहन जांच, सीमा सील, नदी गश्ती और अश्वरोही गश्ती के जरिए पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी गई। भाजपा के गढ़ में 25 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर कुल 3,79,616 मतदाता थे, जिनमें 2,00,060 पुरुष , 1,79,533 महिलाएं और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव मैदान में कुल 25 उम्मीदवार हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज सिन्हा , राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। अब 3 अगस्त को आएगा फैसला मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान केंद्रों से ईवीएम को सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचाया गया। अब 3 अगस्त को मतगणना होगी और उसी दिन तय होगा कि भाजपा अपना गढ़ बचाने में सफल रहती है या बांकीपुर की जनता किसी नए राजनीतिक विकल्प पर भरोसा जताती है।



Comments
0