Full Story

सीवान। बिहार में सीवान शहर की बदहाल सड़कों, जलजमाव, गंदगी और बिजली कटौती जैसी समस्याओं को लेकर गुरुवार को तरवारा मोड़ पर कांग्रेस का करीब साढ़े चार घंटे तक चला धरना जिलाधिकारी (डीएम) विजय प्रकाश मीणा से बातचीत और छठ पूजा से पहले प्रमुख सड़कों की मरम्मत के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। डीएम के सामने रखीं पांच प्रमुख मांगें धरने के दौरान कांग्रेस का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने खराब सड़कों की मरम्मत के साथ जलनिकासी, नालियों के निर्माण, नियमित कचरा उठाव और त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शहर के कई प्रमुख रास्तों की स्थिति खराब होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। तरवारा मोड़ और बबुनिया रोड पर जल्द होगा काम कांग्रेस नेताओं ने तरवारा मोड़ से पटना, छपरा और सीवान शहर की ओर जाने वाली सड़कों की बदहाली का मुद्दा उठाया। इसके अलावा बबुनिया मोड़ से स्टेशन मोड़, अस्पताल रोड में चौधरी मोड़, श्रीनगर से आगे दरोगा राय कॉलेज के पास और हुसैनगंज से गोपालपुर जाने वाली सड़क की मरम्मत की मांग की। डीएम ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़कों का आकलन करने के लिए पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) की दो और ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) की 18 टीमें लगाई गई हैं। इनकी रिपोर्ट दस दिनों में मिलने की उम्मीद है, जिसके आधार पर मरम्मत की कार्रवाई होगी। उन्होंने विशेष रूप से भरोसा दिलाया कि छठ पूजा से पहले तरवारा मोड़ और बबुनिया रोड के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जाएगी। डिवाइडर पर ग्रिल और रेडियम लाइट की तैयारी सड़क सुरक्षा को लेकर भी प्रतिनिधिमंडल ने अपनी बात रखी। इस पर डीएम ने डिवाइडर पर ग्रिल और रेडियम लाइट लगाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देने का आश्वासन दिया। शहर के बीच से गुजरने वाली दाहा नदी की स्थिति और जलनिकासी की समस्या भी बैठक में उठी। डीएम ने बताया कि दाहा नदी के सौंदर्यीकरण और घाटों की सफाई एवं विकास का कार्य जारी रखा जाएगा। वहीं, नालियों का निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम होगा, ताकि जलजमाव से लोगों को राहत मिल सके। कचरा उठाने के लिए खरीदी गईं 20 गाड़ियां कांग्रेस नेताओं ने शहर के चौक-चौराहों पर जमा कचरे और आवारा पशुओं के कारण फैलने वाली गंदगी की ओर भी प्रशासन का ध्यान दिलाया। इस पर डीएम ने बताया कि नगर परिषद ने कचरा उठाव के लिए 20 नई गाड़ियां खरीदी हैं। बड़ी सड़कों से गाड़ियों के जरिए कचरा उठाया जाएगा, जबकि संकरी गलियों में ठेलों की मदद ली जाएगी। लोगों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए माइकिंग कराने की भी योजना है। बिजली कटौती पर नहीं मिली समयसीमा त्योहारों और जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने का मुद्दा भी डीएम के सामने रखा गया। कांग्रेस नेताओं ने इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। हालांकि, इस संबंध में कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई। प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल डीएम से मिलने वाले सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष राजाराम सिंह, अशोक कुमार सिंह, शशि कुमार, मेराज अहमद, सेराज आलम और संस्कार यादव शामिल थे। धरने में विश्वनाथ यादव, जमशेद अली, अमित कुशवाहा, कृष्णकांत गुप्ता, अलाउद्दीन अहमद, अभिमन्यु यादव, सोमनाथ सिंह, मनुल मिश्रा, प्रभाकर मिश्रा और धर्मेंद्र गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।