Full Story

मोतिहारी। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी और उनके पति सह वार्ड पार्षद रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक के पांच ठिकानों पर मंगलवार को एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई केसरिया और पटना में की जा रही है। जांच एजेंसी के अनुसार, दंपती के पास ज्ञात एवं वैध आय के स्रोतों से 3.56 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्य पार्षद और वार्ड संख्या-7 के पार्षद के खिलाफ भ्रष्ट तरीके से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की सूचना मिलने के बाद आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 29/26 दर्ज किया गया। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के संशोधित प्रावधानों के तहत दर्ज है। विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीम ने छापेमारी शुरू की। अभियान में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का भी सहयोग लिया जा रहा है। पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी ईओयू की टीम जिन ठिकानों की तलाशी ले रही है, उनमें केसरिया थाना क्षेत्र के चैनपुर मुहल्ला स्थित पैतृक आवास, केसरिया बाजार में पेट्रोल पंप के समीप स्थित निजी आवास, युवराज गैस एजेंसी का कार्यालय एवं गोदाम और केसरिया नगर पंचायत के सरकारी भवन स्थित मुख्य पार्षद का कार्यालय शामिल हैं। इसके अलावा पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र के बालाजी नगर स्थित पार्क वेस्ट अपार्टमेंट की फ्लैट संख्या बी-101 में भी तलाशी ली जा रही है। वैध आय से 124.81 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आकलन जांच एजेंसी के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, दंपती के पास उनकी ज्ञात एवं वैध आय के स्रोतों से तीन करोड़ 56 लाख 65 हजार 118 रुपये अधिक की संपत्ति होने का मामला सामने आया है। यह राशि उनकी वैध आय से लगभग 124.81 प्रतिशत अधिक बताई गई है। फिलहाल सभी चिह्नित ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों, संपत्तियों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। ईओयू की ओर से विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद जारी किए जाने की बात कही गई है।