Full Story

छपरा। बिहार में सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एटीएम से रुपये निकालने पहुंची एक महिला को झांसा देकर उसका कार्ड बदलने वाले ठग को गिरफ्तार कर लिया वहीं उसका साथी मौके से फरार हो गया। रुपये निकालने पहुंची महिला को बनाया निशाना पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बनियापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर एक महिला रुपये निकालने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद दो अज्ञात अपराधियों ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और उसकी जगह दूसरा कार्ड थमा दिया। महिला को कार्ड बदले जाने का संदेह हुआ तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बनियापुर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए युवक की तलाशी और पूछताछ के दौरान चार एटीएम कार्ड बरामद हुए। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस अब फरार साथी की तलाश के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने इस तरीके से पहले कितने लोगों को निशाना बनाया है। मुजफ्फरपुर का रहने वाला है गिरफ्तार अपराधी गिरफ्तार युवक की पहचान विकाश कुमार के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के मधुबन कांटी गांव का रहने वाला है। विकाश कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों के कई थानों में मामले दर्ज हैं। पांच पुराने मामलों का मिला रिकॉर्ड पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ सीतामढ़ी जिले के मेहसौल थाना में कांड संख्या 136/25, दिनांक 07 सितंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 318(4) और 112(2) के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसी जिले के बेलसंड थाना में कांड संख्या 177/25, 12 सितंबर 2025 को धारा 318 के तहत मामला दर्ज है। मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना में भी 9 फरवरी 2026 को कांड संख्या 11/26 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 318(2) लगाई गई थी। इसके अलावा दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना में कांड संख्या 305/17, दिनांक 3 अगस्त 2017 तथा सिमरी थाना में कांड संख्या 158/22, भारतीय दंड संहिता की धारा 467, 468, 420, 414 और 34 के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपित के अन्य संभावित आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। केनरा और एसबीआई के दो-दो कार्ड जब्त गिरफ्तार अपराधी के पास से मिले चार एटीएम कार्डों में दो केनरा बैंक और दो भारतीय स्टेट बैंक के कार्ड शामिल हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस इन कार्डों के संबंध में जांच कर रही है। बनियापुर थाने में केस दर्ज, फरार साथी की तलाश इस सिलसिले में बनियापुर थाना कांड संख्या 843/26, दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 318(4), 317(2) और 61(2) के तहत कार्रवाई शुरू की है। छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई बनियापुर थानाध्यक्ष तथा थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने की।