Full Story
सीवान। बिहार में सीवान जिले के आंदर बाजार स्थित सब्जी मार्केट में किराना दुकान की आड़ में गांजा और शराब की अवैध बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया तथा दुकान से 6.280 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ, 7.125 लीटर विदेशी शराब, 13500 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन जब्त किए। पुलिस को देखते ही भागने लगे चार लोग पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि सूचना मिली थी कि सब्जी मार्केट की एक किराना दुकान से अवैध रूप से गांजा और शराब बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी। पुलिस को सामने देखकर वहां मौजूद चार लोगों ने भागने की कोशिश की लेकिन सशस्त्र पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। दो सफेद बोरी से मिला नशीला सामान दुकान की तलाशी में पुलिस को दो सफेद बोरी मिली। इनमें से छह किलो 280 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ और 7 लीटर 125 मिलीलीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा 13 हजार 500 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस बरामद सामग्री को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान आंदर निवासी दीपक कुमार, प्रकाश कुमार, आकाश कुमार और विकास कुमार उर्फ पिंटू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विकास कुमार उर्फ पिंटू के खिलाफ पहले भी आंदर थाने में मामला दर्ज हो चुका है। वर्ष 2017 के कांड संख्या 197/17 का उल्लेख उसके आपराधिक इतिहास में मिला है। एनडीपीएस और शराबबंदी कानून के तहत केस इस कार्रवाई को लेकर आंदर थाना में कांड संख्या 317/26 दर्ज किया गया है। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी)(ii)(बी)/25/29 और बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस चारों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। छापेमारी में थानाध्यक्ष सुनील कुमार के साथ आंदर थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।



Comments
0