Full Story

सीवान। बिहार के सीवान जिले में बसंतपुर थाना क्षेत्र के शामपुर गांव में स्मैक की बिक्री की सूचना पर पुलिस ने एक दलान में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 48 पुड़ियों में रखा 10.97 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, चाकू, दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। गुप्त सूचना पर दलान में छापा पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी के अनुसार, छह अक्टूबर को बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि शामपुर गांव स्थित भुअर पांडेय के दलान में दो व्यक्ति मिलकर स्मैक बेच रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद बसंतपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। पुलिस को देख भागे, पीछा कर पकड़ा पुलिस का कहना है कि टीम के पहुंचते ही दलान से दो लोग निकलकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शामपुर निवासी मंटू पांडेय और लकड़ीनवीगंज थाना क्षेत्र के वादीपुर निवासी शैलेश गिरि के रूप में हुई है। लाल बैग में मिलीं 48 पुड़ियां इसके बाद पुलिस ने भुअर पांडेय के घर की विधिवत तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान एक छोटे लाल बैग से सफेद कागज में लिपटी 48 पुड़ियां मिलीं। इनमें स्मैक जैसा पदार्थ पाया गया, जिसका कुल वजन 10.97 ग्राम बताया गया है। एसपी के अनुसार, कार्रवाई में एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक चाकू, दो लाइटर, दो मोबाइल फोन और स्मैक पीसने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाला लोहे का औजार भी बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मिलकर स्मैक बेचने की बात स्वीकार की है। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज मामले में बसंतपुर थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है। छापेमारी टीम में बसंतपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार के साथ थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।