Full Story

सीतामढ़ी। बिहार में सीतामढ़ी जिले के रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के समीप मंगलवार देर रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में बाइक सवार तीन संदिग्ध गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें मोतिहारी के चिरैया थाना क्षेत्र के सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) लूटकांड में वांछित 15-15 हजार रुपये के दो इनामी आरोपी मणि कुमार और इंदल कुमार तथा हत्या के एक मामले का आरोपी सुनील कुशवाहा शामिल हैं जबकि पुलिस ने घटनास्थल से तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस से भरा एक बैग बरामद करने का दावा किया है। रात 11 बजे मिली सूचना, शुरू हुई घेराबंदी सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बुधवार को यहां बताया कि 06-07 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे जिला आसूचना इकाई को सूचना मिली कि दिनेश यादव हत्याकांड का आरोपी सुनील कुशवाहा अपने साथियों के साथ रीगा-परसौनी इलाके में मौजूद है। सूचना के बाद रीगा थाना, जिला आसूचना इकाई और विशेष जांच दल ने संयुक्त रूप से इलाके में निगरानी और सघन गश्त शुरू कर दी। इसी दौरान रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के पास पुलिस टीम की नजर एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों पर पड़ी। बाइक फिसली, फिर चली गोलियां पुलिस का कहना है कि टीम ने बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की लेकिन वे भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद तीनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जान का खतरा देखते हुए पुलिस ने मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीनों गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। तीन पिस्तौल, कारतूस से भरा बैग बरामद मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी में पुलिस ने तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस से भरा एक बैग बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब बरामद हथियारों के साथ आरोपियों के मोबाइल फोन, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उनके संपर्कों की पड़ताल कर रही है। मोतिहारी के दो इनामी आरोपियों की हुई पहचान घायल मणि कुमार और इंदल कुमार की पहचान होने के बाद इस कार्रवाई का कनेक्शन मोतिहारी से भी जुड़ गया। दोनों को पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र में हुए सीएसपी लूटकांड में वांछित बताया गया है। दोनों पर मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और वे फरार चल रहे थे। तीसरे घायल की पहचान सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र के रामनगरा निवासी सुनील कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह हत्या के एक मामले में आरोपी है। तीनों साथ क्यों थे? नेटवर्क खंगाल रही पुलिस मोतिहारी के लूटकांड में वांछित दो आरोपियों और सीतामढ़ी में हत्या के आरोपी के एक साथ मिलने के बाद पुलिस अब उनके आपसी संपर्कों की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तीनों रीगा-परसौनी इलाके में किस उद्देश्य से मौजूद थे और उनके बीच किस तरह का आपराधिक संपर्क था। जांच का दायरा मोतिहारी समेत आसपास के जिलों तक बढ़ाया जा सकता है। सदर डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राजीव कुमार सिंह ने किया। अभियान में रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी , जिला आसूचना इकाई और विशेष जांच दल के अधिकारी व जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ की परिस्थितियों, बरामद हथियारों और तीनों आरोपियों की कथित आपराधिक गतिविधियों की जांच जारी है।