Full Story

सीवान। बिहार में सीवान जिले के आंदर प्रखंड में निर्माणाधीन मॉडल ब्लॉक भवन की गुणवत्ता को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब 50 लाख रुपये की रंगदारी और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य से जुड़े विवेक कुमार सिंह की शिकायत पर आंदर थाने में कांड संख्या 291/26 दर्ज कर दरौली के लोजपा विधायक विष्णु देव पासवान , उनके प्रतिनिधि अमित पासवान समेत चार लोगों को आरोपित किया गया है जबकि विधायक ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पहले ही विभागीय जांच की मांग की थी। पहले विधायक ने उठाए थे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल मामले में अहम बात यह है कि रंगदारी का केस दर्ज होने से पहले विधायक विष्णु देव पासवान ने खुद निर्माणाधीन मॉडल ब्लॉक भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने इस वर्ष 16 सितंबर को भवन निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की थी। विधायक का कहना था कि उन्हें जानकारी मिल रही है कि काम निविदा की शर्तों, स्वीकृत प्राक्कलन, निर्धारित मानकों और तकनीकी विशिष्टियों के अनुरूप नहीं हो रहा है। उन्होंने सक्षम तकनीकी टीम से स्थल निरीक्षण कराने और भवन के कॉलम समेत महत्वपूर्ण संरचनात्मक हिस्सों की मजबूती जांचने की मांग की थी। सैंपल जांच और वीडियोग्राफी की भी थी मांग विधायक ने जरूरत पड़ने पर निर्माणाधीन भवन से सैंपल लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में उसकी गुणवत्ता जांच कराने की मांग की थी। इसके साथ ही सैंपल लेने और स्थल निरीक्षण की वीडियोग्राफी कराने तथा संबंधित संवेदक द्वारा पिछले पांच वर्षों में कराए गए निर्माण कार्यों की विशेष जांच का भी आग्रह किया था। 05 अक्टूबर को थाने पहुंचा रंगदारी का मामला दूसरी ओर, गुठनी थाना क्षेत्र के बेलोर निवासी विवेक कुमार सिंह ने 05 अक्टूबर को आंदर थाने में शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए। शिकायत के मुताबिक, मझवलिया निवासी अमित कुमार पासवान और भवराजपुर निवासी साहेब हुसैन निर्माण स्थल पर पहुंचे और कथित रूप से 50 लाख रुपये रंगदारी की मांग की। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर निर्माण कार्य बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी गई। 15 युवकों को बुलाने और हथियार दिखाने का आरोप विवेक कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि साहेब हुसैन ने फोन कर करीब 15 युवकों को मौके पर बुला लिया। शिकायत में दावा किया गया है कि इन लोगों ने उन्हें घेर लिया और हथियार निकालकर धमकाने लगे। इसी दौरान डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, पुलिस को देखते ही अधिकांश लोग वहां से भाग निकले, जबकि दो लोगों को पुलिस अपने साथ थाने ले गई। फोन पर धमकी देने का भी आरोप शिकायत में नियाज अहमद पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है। विवेक कुमार सिंह का दावा है कि नियाज ने उनके पिता को कई बार फोन कर धमकी दी और निर्माण स्थल पर पहुंचकर भी धमकाया। शिकायतकर्ता ने इन कथित धमकियों की रिकॉर्डिंग अपने पास होने का भी दावा किया है। विधायक के घर बुलाकर तीन प्रतिशत मांगने का आरोप शिकायत में विधायक विष्णु देव पासवान को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं। विवेक कुमार सिंह का दावा है कि उन्हें विधायक के घर बुलाया गया और निर्माण राशि का तीन प्रतिशत भुगतान करने का दबाव बनाया गया। इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने विधायक समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विधायक बोले- ठेकेदार ने मैनेज करने की कोशिश की विधायक श्री पासवान ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं हो रहा था इसलिए उन्होंने विभाग के सचिव से शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने उन्हें मैनेज करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य हर हाल में गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उनका कहना है कि सोमवार को ग्रामीण निर्माण कार्य का विरोध कर रहे थे और मामले को समझने के लिए उनके प्रतिनिधि वहां गए थे लेकिन पुलिस ने उनके प्रतिनिधि को हिरासत में ले लिया। दो आरोपियों को भेजा गया जेल पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने बताया कि संवेदक विवेक कुमार सिंह के बयान पर विधायक समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार किए गए दो लोगों को जेल भेज दिया है । फिलहाल रंगदारी, धमकी और निर्माण कार्य को लेकर लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है।