Full Story

सीवान। बिहार में सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान बाइक सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 5.54 ग्राम स्मैक जैसा दिखने वाला नशीला पदार्थ, एक मोबाइल फोन और बोलेरो का नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल जब्त की है। गुप्त सूचना पर चल रही थी वाहन जांच पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दरौली-गुठनी चौक से करीब 50 मीटर पश्चिम वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुठनी की ओर से पिहुली गांव जा रहे बाइक सवार दो लोगों को पुलिस ने रोककर उनकी तलाशी ली। तीन पुड़ियों में मिला संदिग्ध नशीला पदार्थ गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असांव थाना क्षेत्र के पिहुली गांव निवासी गजेंद्र प्रसाद सिंह और आजाद हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान गजेंद्र प्रसाद सिंह के पास और मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स से कुल तीन पुड़िया बरामद हुईं। इनमें स्मैक जैसा दिखने वाला नशीला पदार्थ था, जिसका पुड़िया सहित कुल वजन 5.54 ग्राम बताया गया है। बाइक पर मिला बोलेरो का नंबर प्लेट पुलिस ने मोटरसाइकिल की जांच की तो उस पर बोलेरो वाहन का नंबर प्लेट लगा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। मामले में दरौली थाना कांड संख्या 351/26 , दिनांक 5 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। बीएनएस की धारा 338, 336(3), 3(5) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी), 21(ई) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार गजेंद्र प्रसाद सिंह का पहले से भी आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ रघुनाथपुर थाना कांड संख्या 126/26 , दिनांक 30 अप्रैल 2026 में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। नशीले पदार्थ के स्रोत की तलाश पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई दरौली थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक अभिनव कुमार दुबे के नेतृत्व में थाना पुलिस की टीम ने की।