Full Story

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मेहसी में मंगलवार को वाहन जांच के दौरान मद्य निषेध विभाग की टीम ने उत्तर प्रदेश नंबर के एक आयसर ट्रक में बने विशेष तहखाने से 724 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की तथा ट्रक को जब्त करते हुए चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुला ट्रक का ‘राज’ मद्य निषेध विभाग के अनुसार, निरीक्षक शिवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम मेहसी के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश नंबर के एक आयसर ट्रक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान टीम को ट्रक के अंदर बनाए गए एक विशेष तहखाने का पता चला। जांच करने पर इसके भीतर बड़ी मात्रा में शराब और बीयर छिपाकर रखी मिली। 80 कार्टन में मिली 724 लीटर खेप टीम ने तहखाने से 70 कार्टन में 604 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके अलावा दूसरे ब्रांड की 10 कार्टन में 120 लीटर बीयर मिली। इस तरह ट्रक से कुल 80 कार्टन में 724 लीटर शराब और बीयर जब्त की गई। मौके से ट्रक चालक प्रिंस यादव और खलासी नन्दू यादव को गिरफ्तार किया गया है। दोनों उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी बताए गए हैं। मद्य निषेध विभाग ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है और दोनों आरोपितों के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। कहां से आई और कहां जानी थी खेप अब जांच का फोकस शराब की इस खेप के पूरे नेटवर्क पर है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि 724 लीटर शराब और बीयर कहां से लायी गई थी और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक शिवेन्द्र कुमार के साथ सहायक अवर निरीक्षक जुल्फिकार अंसारी, रमेश कुमार, सिपाही रवि कुमार और गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे।