Full Story

पूर्णिया। बिहार में पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र के हरिपुर मादी गांव में आपसी विवाद के दौरान दो लोगों पर हुए जानलेवा हमले में एक की मौत के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आपसी विवाद में दो लोगों पर हुआ हमला पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि हरिपुर मादी गांव में 26 अक्टूबर को आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने गांव के छुतहरू सुतिहार और जयकुमार सुतिहार पर हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल छुतहरू सुतिहार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद बनमनखी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी। आठ नामजद, पुलिस ने तेज की दबिश इस मामले में बनमनखी थाने में कांड संख्या 336/26 के तहत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 109, 103(1), 329(4), 352, 351(2) और 3(5) लगाई गई है। हत्या की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देनी शुरू की। 24 घंटे के भीतर चंदन और कुंदन गिरफ्तार पुलिस सूत्रों ने बताया कि बनमनखी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने छापेमारी के दौरान महज 24 घंटे के भीतर मामले के दो मुख्य आरोपियों चंदन कुमार और कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी बनमनखी थाना क्षेत्र के हरिपुर मादी गांव के रहने वाले हैं। मामले की जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से खून लगा लोहे का पाइप और बांस मिला है। दोनों सामान बरामद कर लिए गए हैं। हमले से जुड़े सबूत जुटाने के लिए क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का मुआयना कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब इन साक्ष्यों के जरिए हमले की पूरी कड़ी जोड़ने और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है। छह आरोपी अब भी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हत्याकांड में आठ लोगों को नामजद किया गया है। इनमें चंदन और कुंदन की गिरफ्तारी के बाद छह आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई भी जारी है।