Full Story
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने शुक्रवार को बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार संग्रामपुर पहुंचे और डुमरिया पंचायत के बिश्रामपुर वार्ड संख्या-15 स्थित राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनका हाल जाना। मंत्री ने राहत शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने आपदा की घड़ी में सामूहिक सहयोग और मानवीय संवेदना को सबसे बड़ी ताकत बताया। पीड़ितों से पूछा- खाना और इलाज मिल रहा? राहत शिविर में श्री कुमार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत की। उन्होंने पीड़ितों से नाश्ता, भोजन, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्कूल पहुंचे, पढ़ाई का लिया जायजा प्रभारी मंत्री ने बिश्रामपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था देखी और विद्यार्थियों के बीच किट का वितरण किया। उन्होंने अधिकारियों से विद्यालय और आसपास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बाढ़ से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। मेडिकल कैंप में महिलाओं से की बात विद्यालय परिसर में संचालित मेडिकल कैंप का भी मंत्री ने निरीक्षण किया। इलाज के लिए पहुंचीं महिलाओं से बातचीत कर उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में पूछा। श्री कुमार ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से दवाओं की उपलब्धता और मरीजों के उपचार की व्यवस्था की जानकारी ली। राहत के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जिला प्रशासन की ओर से किए गए इंतजामों पर श्रवण कुमार ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है और तत्परता के साथ राहत कार्य करने के लिए जिला प्रशासन धन्यवाद का पात्र है। ‘आपदा में आरोप-प्रत्यारोप का औचित्य नहीं’ प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय आरोप-प्रत्यारोप का कोई औचित्य नहीं है। ऐसे समय में जनता, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को एक-दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने अरेराज क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह लोगों और प्रशासन ने मिलकर बाढ़ की चुनौती का सामना किया है, वह सामूहिक प्रयास और आपसी सहयोग की मिसाल है। डीएम समेत कई अधिकारी रहे मौजूद प्रभारी मंत्री के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, अरेराज के अनुमंडल पदाधिकारी सहित स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित थे।



Comments
0