Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान तीन थाना क्षेत्रों में चार लोगों के शव फंदे से लटके मिले जबकि तुरकौलिया में 10 माह की मासूम बच्ची की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गई। प्रेम विवाह के एक साल बाद पति-पत्नी की मौत हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरपुरराय गांव में रविवार देर रात परवेज आलम (24) और उसकी पत्नी सोनी खातून (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव घर में फंदे से लटके मिले। परवेज ने करीब एक वर्ष पहले मलाही थाना क्षेत्र की सोनी से प्रेम विवाह किया था। परिजनों के अनुसार, देर रात परवेज के पिता इब्राहिम मियां कमरे में पहुंचे तो उनका बेटा फंदे से लटका मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनने के बाद सोनी भी फंदे से लटकी मिली। ग्रामीणों के मुताबिक, दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था और रविवार रात भी कहासुनी हुई थी। हरसिद्धि के थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि दोनों की मौत की गहन वैज्ञानिक जांच की जा रही है। तकनीकी शाखा की मदद ली जा रही है। पुलिस दंपति के वैवाहिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। प्रेम संबंधों में उलझी जिंदगी, होटल के बावर्ची की मौत शिकारगंज थाना क्षेत्र के रूपहारा नहर चौक पर झारखंड के गिरिडीह जिले के तीसरी थाना क्षेत्र निवासी राजेंद्र पुरी के पुत्र मुकेश कुमार (26) का शव फंदे से लटका मिला। मुकेश वहां एक होटल में बावर्ची का काम करता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसने दो शादियां की थीं और दूसरी शादी अपनी प्रेमिका से की थी। बताया जाता है कि उनके संबंधों में किसी तीसरे व्यक्ति के आने के बाद विवाद उत्पन्न हुआ था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुकेश ने मौत से पहले अपने मोबाइल फोन में कुछ घटनाओं और परिस्थितियों से संबंधित वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। परिजनों की फटकार के बाद 18 वर्षीय युवक की मौत पीपराकोठी थाना क्षेत्र के बथना गांव में धर्मेंद्र सिंह के। 18 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, किसी बात को लेकर परिजनों ने उसे फटकार लगाई थी। इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। सड़क पर पहुंची मासूम को अज्ञात वाहन ने कुचला तुरकौलिया थाना क्षेत्र के राजारामपुर स्थित मलाही टोला में 10 माह की बच्ची प्रियांशु की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जाता है कि शिकंदर शनि की पुत्री किसी तरह सड़क पर पहुंच गई थी, तभी अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस वाहन की पहचान करने में जुटी है।



Comments
0