Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें कल्याणपुर में ससुराल गए युवक का सड़क किनारे संदिग्ध हालत में शव मिला, रामगढ़वा में महाराष्ट्र के 21 वर्षीय आभूषण कारीगर की सड़क हादसे में जान चली गई और पीपरा में 12 वर्षीय बच्चे की फांसी लगाने से मौत हो गई जबकि चकिया में एक स्वर्ण व्यवसायी को दो गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल किए जाने के मामले में पुलिस लूट और आपसी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। ससुराल गया मनीष, सड़क किनारे मिला शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र के तेनुआ स्कूल के पास गुरुवार को सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के भेड़खिया निवासी रंजीत कुमार के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मनीष सोमवार को अपने ससुराल जमुनिया जसौली गया था। उसी शाम परिवार से उसकी फोन पर बातचीत हुई, लेकिन इसके बाद मोबाइल से संपर्क टूट गया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने ससुराल पक्ष से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। बाद में एक अज्ञात नंबर से फोन आया और बताया गया कि मनीष की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया गया है। परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे तो वहां शव मिला। ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप, दो हिरासत में सूचना मिलने के बाद कल्याणपुर और बिजराही पुलिस के साथ विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने भोपटपुर से दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। कल्याणपुर थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। चकिया में स्वर्ण व्यवसायी को दो गोलियां इधर, चकिया थाना क्षेत्र के बासघाट के पास 28 वर्षीय स्वर्ण व्यवसायी सुजीत कुमार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मार दी। सुजीत बासघाट निवासी अवध किशोर साह के पुत्र हैं और उनका इलाज मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बताया गया है कि सुजीत भूअन छपरा स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। बासघाट से करीब आधा किलोमीटर पहले तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उन्हें दो गोलियां मार दीं। सूत्रों के मुताबिक, सुजीत के पास मौजूद बैग में करीब 300 ग्राम सोना और चार किलोग्राम चांदी के जेवर थे और शुरुआत में जेवर लूटने की बात सामने आई। पिता ने लूट से किया इनकार, रंजिश की ओर इशारा गोलीकांड में लूट की कहानी पर घायल के पिता ने सवाल खड़े किए हैं। सुजीत के पिता और पुलिस ने लूट की घटना से इनकार किया है। पिता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे को आपसी रंजिश में गोली मारी गई है। उनके मुताबिक, एक व्यक्ति से कथित अवैध संबंध को लेकर करीब दो साल पहले भी सुजीत पर चाकू से हमला हुआ था। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल लूट, आपसी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। रामगढ़वा में बाइक गड्ढे में गिरी, 21 वर्षीय कारीगर की मौत रामगढ़वा थाना क्षेत्र के चंपापुर रोड पर बुधवार देर रात बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। हादसे में महाराष्ट्र निवासी 21 वर्षीय सचिन मोहन काकड़े की मौत हो गई। सचिन महाराष्ट्र के सांगली जिले के नाड़ी सांगली का रहने वाला था और रामगढ़वा की एक आभूषण दुकान में कारीगर था। थानाध्यक्ष संजीव मौआर के मुताबिक, सचिन काम खत्म करने के बाद रामगढ़वा से आदापुर स्थित अपने मामा के घर जा रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजा गया है। पीपरा में 12 वर्षीय बच्चे की मौत पीपरा थाना क्षेत्र के अशोक पकड़ी गांव में 12 वर्षीय बच्चे की फांसी लगाने से मौत हो गई। वह जगतनारायण सिंह का नाती था और अपने वृद्ध नाना-नानी के साथ रहता था। बच्चे ने यह कदम क्यों उठाया, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



Comments
0