Full Story

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में हत्या के आरोपी हरिशंकर पासवान को न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में जांच के बाद पुलिस ने निजी लाभ के लिए उसे भगाने में मदद करने के आरोप में सिपाही निरंजन पासवान को गिरफ्तार किया है। 27 अक्टूबर को पेशी के दौरान फरार हुआ आरोपित पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को हत्या के मामले में गिरफ्तार हरिशंकर पासवान को न्यायालय में पेश करने के लिए लाया गया था। हरिशंकर पासवान पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के मधुमालती गांव के वार्ड संख्या 12 का निवासी है। वह नगर थाना कांड संख्या 369/24 में हत्या का आरोपित था। न्यायालय में पेशी के दौरान वह न्यायिक हिरासत से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज से खुली सिपाही की भूमिका हत्या के आरोपित के फरार होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच की जिम्मेदारी हाजत प्रभारी पुलिस निरीक्षक धर्मवीर भारती को सौंपी गई। पुलिस ने न्यायालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की। शुरुआती जांच में सिपाही निरंजन पासवान की संदिग्ध भूमिका सामने आई। जांच में यह बात सामने आई कि सिपाही ने निजी लाभ हासिल करने के उद्देश्य से हत्या के आरोपित को भागने में सहयोग किया था। पुलिस ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर सिपाही निरंजन पासवान को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सिपाही निरंजन पासवान गया जिले के कोच थाना क्षेत्र के पलानकी साखी गांव का निवासी है। नगर थाने में नया केस दर्ज, जांच जारी इस मामले में मोतिहारी नगर थाना में कांड संख्या 1049/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित सिपाही के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की जांच केवल गिरफ्तार सिपाही तक सीमित नहीं है। हत्या के आरोपित को फरार कराने में अन्य अपराधियों और सहयोगियों की संभावित भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।