Full Story
सीवान। बिहार में सीवान जिले के आलमापुर पटाखा विस्फोट और रसूलपुर नाटक मंचन के दौरान हुए अग्निकांड में जान गंवाने वाले सात लोगों के निकटतम आश्रितों के लिए जिला प्रशासन ने कुल 28 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की है। जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के निर्देश पर आपदा चक्रीय निधि से यह सहायता मंजूर की गई है। स्वीकृत राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। सात परिवारों को चार-चार लाख की सहायता समाहरणालय स्थित जिला आपदा प्रबंधन शाखा के कार्यालय में मंगलवार को दोनों हादसों के पीड़ित परिवारों को बुलाकर सहायता राशि के स्वीकृति पत्र दिए गए। प्रशासन ने प्रत्येक मृतक के निकटतम आश्रित के लिए चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान मंजूर किया है। इस तरह आलमापुर हादसे के पांच मृतकों के परिवारों को कुल 20 लाख रुपये और रसूलपुर अग्निकांड के दो मृत बाल कलाकारों के परिवारों को आठ लाख रुपये की सहायता मिलेगी। स्वीकृति पत्र सौंपते समय अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और उन्हें प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया। आलमापुर विस्फोट में पांच मौतों पर 20 लाख मंजूर बड़हरिया अंचल के आलमापुर गांव में 23 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे पटाखा विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई थी। इस घटना में पांच लोगों की मौत के आधार पर जिला प्रशासन ने उनके आश्रितों के लिए 20 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की है। प्रशासन की ओर से मृतक राजनाथ सिंह उर्फ भोला सिंह की पत्नी इंदु देवी और अरशद सिद्दीकी की माता नसीमा खातून को चार-चार लाख रुपये के स्वीकृति पत्र दिए गए। इसके अलावा मृतक अमिरुद्दीन मियां की बहू साबरीन खातून को भी सहायता स्वीकृति पत्र सौंपा गया। हादसे में जान गंवाने वाले इशरत और खुशबू की माता साबरीन खातून को भी दोनों मृतकों के आश्रित के रूप में सहायता स्वीकृत की गई है। इस प्रकार आलमापुर विस्फोट के पांच मृतकों के लिए कुल 20 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान मंजूर हुआ है। रसूलपुर में नाटक के दौरान लगी आग, दो बाल कलाकारों की गई जान दूसरा हादसा बड़हरिया अंचल के रसूलपुर में 20 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे हुआ था। यहां नाटक के मंचन के दौरान आग प्रज्वलित करने के क्रम में आग फैल गई थी। इसकी चपेट में आकर बाल कलाकार गंभीर रूप से झुलस गए थे। घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान दो बाल कलाकारों की मौत हो गई। मृतकों में अनीष सिंह और सूरज कुमार शामिल थे। प्रशासन ने अनीष सिंह की माता पूनम देवी और सूरज कुमार की माता चंचल देवी को चार-चार लाख रुपये के अनुग्रह अनुदान स्वीकृति पत्र सौंपे हैं। दोनों परिवारों को कुल आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। एक सप्ताह में कागजी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश सहायता राशि की स्वीकृति के साथ प्रशासन ने इसके भुगतान की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा दी है। अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर घटनोत्तर स्वीकृति और अन्य जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश दिया है। प्रशासन के अनुसार, सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मंजूर राशि सीधे संबंधित आश्रितों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी।



Comments
0