Full Story
सीवान। बिहार में शराबबंदी के बीच रेलमार्ग से शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की स्कॉर्ट टीम ने सोमवार को गोरखपुर-छपरा एक्सप्रेस के एक कोच से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की 37 बोतलों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया। मैरवा और जीरादेई के बीच पकड़ी गई शराब आरपीएफ की टीम सोमवार को गाड़ी संख्या 15034 गोरखपुर-छपरा एक्सप्रेस में गोरखपुर से छपरा तक सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान मैरवा और जीरादेई रेलवे स्टेशनों के बीच जवानों ने ट्रेन के कोच संख्या एम-1 में यात्रियों की जांच शुरू की। जांच के दौरान बर्थ संख्या दो, तीन और छह पर बैठे तीन युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। आरपीएफ जवानों ने उनके सामान की तलाशी ली तो उसमें अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं। इसके बाद टीम ने शराब जब्त कर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। वैशाली के दो और कुशीनगर का एक युवक गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के वैशाली जिले के मेहसौर गांव निवासी नीतीश कुमार (24 वर्ष) और गनपत कुमार (19 वर्ष) शामिल हैं। तीसरा आरोपी संदीप सिंह (20 वर्ष) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के अरौली गांव का रहने वाला है। तीनों युवक ट्रेन में अलग-अलग बर्थ पर बैठे थे। आरपीएफ ने तलाशी के दौरान बरामद शराब को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू की। आरपीएफ पोस्ट से जीआरपी को सौंपे गए आरोपी ट्रेन में कार्रवाई पूरी करने के बाद आरपीएफ की टीम तीनों आरोपियों को बरामद शराब के साथ आरपीएफ पोस्ट सीवान लेकर पहुंची। वहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों और जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) सीवान को सौंप दिया गया। इसके बाद जीआरपी ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जीआरपी ने इस मामले में कांड संख्या 182/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कार्रवाई की जा रही है।



Comments
0