Full Story

मुंबई। ‘बॉर्डर 2’ की सफलता के बाद अभिनेता अहान शेट्टी एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपना एक्शन अवतार दिखाने की तैयारी में हैं। उनकी अगली फिल्म ‘सनकी’ 30 अक्टूबर से फ्लोर पर जा रही है। खास बात यह है कि इस बार अहान सिर्फ जबरदस्त एक्शन ही नहीं करेंगे बल्कि प्यार और जज्बातों से भरी कहानी में भी अपना दम दिखाएंगे। फिल्म की शूटिंग मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से शुरू होगी। प्यार की कहानी में एक्शन का धमाका ‘सनकी’ एक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी के केंद्र में प्यार है। लेखक ज्ञानेंद्र वासुदेव ने इसकी कहानी तैयार की है। फिल्म में रोमांस, भावनाओं और रोमांचक एक्शन का मेल देखने को मिलेगा। हालांकि, कहानी किस मोड़ पर आगे बढ़ेगी और अहान का किरदार कैसा होगा, इस पर अभी पर्दा पड़ा हुआ है। भोपाल में जम गया ‘सनकी’ का डेरा फिल्म की कमान निर्देशक टीनू सुरेश देसाई के हाथों में है। वह इससे पहले ‘रुस्तम’ और ‘मिशन रानीगंज’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। देसाई अपनी बड़ी टीम के साथ भोपाल पहुंच चुके हैं। शूटिंग शुरू होने से पहले लोकेशन और अन्य जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सोच-समझकर कदम बढ़ा रहे अहान ‘बॉर्डर 2’ में अपने अभिनय और फिल्म को मिली बड़ी सफलता के बाद अहान शेट्टी अब नए प्रोजेक्ट्स को लेकर बेहद सतर्क हैं। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्मों का चयन सोच-समझकर किया है। ‘सनकी’ के बाद वह निर्देशक विक्रम भट्ट की फिल्म ‘1920 कोल्ड विंटर’ में दिखाई देंगे। इसके अलावा उनके पास कुछ अन्य फिल्में भी हैं, जिनकी शूटिंग 2027 में शुरू हो सकती है। कहानी पर सस्पेंस, 2027 में रिलीज ‘सनकी’ के मेकर्स फिलहाल फिल्म की कहानी और इससे जुड़ी अहम जानकारियों को गुप्त रख रहे हैं। आने वाले समय में फिल्म के बारे में नए खुलासे किए जाएंगे। फिल्म का निर्माण वी द पीपल, रोरिंग रिवर प्रोडक्शंस और पाल्स एंड पीयर्स एंटरटेनमेंट संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इसे 2027 की पहली छमाही में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘बॉर्डर 2’ के बाद अहान शेट्टी का यह नया एक्शन और रोमांस वाला अंदाज दर्शकों पर कितना जादू चलाता है।