Full Story
सीवान। सीवान के विधायक एवं पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने आज कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सिर्फ चुनाव कराना ही काफी नहीं, बल्कि चुनावी व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों का विश्वास कायम रहना भी जरूरी है। श्री पांडेय ने गुरुवार को यहां आयोजित युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची की शुद्धता और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईटार) जैसे मुद्दों पर बातचीत की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर पार्टी के विचारों से अवगत कराया गया। लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शिता जरूरी पूर्व मंत्री ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता उसके चुनावी तंत्र की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर निर्भर करती है। मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना भी इसी व्यवस्था का अहम हिस्सा है। उन्होंने बताया कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पूरे देश में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके जरिए पार्टी एसआईआर और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष के रुख को जनता के सामने रख रही है। उन्होंने विपक्ष पर कथित दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया। स्कूल-कॉलेजों में युवाओं से सीधे संवाद करेगी भाजपा भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि अभियान को सीवान के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों में मतदाता सूची की शुद्धता, एसआईआर और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर भाजपा अपना पक्ष रखेगी। साथ ही एसआईआर को लेकर विपक्ष के प्रचार के जवाब में पार्टी का दृष्टिकोण भी विद्यार्थियों के सामने रखा जाएगा। युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच मतदान व्यवस्था, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक बनाने पर जोर दिया। नेताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को चुनाव और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों की समझ होगी, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी भी मजबूत होगी। कार्यक्रम में कई भाजपा नेता रहे मौजूद इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, अभिमन्यु सिंह, मुकेश सिंह कुशवाहा, अजीत चौरसिया, सत्यम सिंह, नगर अध्यक्ष अमित कुमार सोनू, शैलेन्द्र कुशवाहा, हीरालाल राम, लव गुप्ता, रामू जैसवाल, रवि पटेल, प्रिंस चौहान और नवीन चन्द्र जैन सहित पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Comments
0