Full Story

कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के आबादपुर थाना क्षेत्र के नंदाल गांव में घरेलू विवाद के दौरान दो बेटों के बीच हो रही मारपीट को रोकने पहुंची 65 वर्षीय मां कालो देवी की कथित तौर पर छोटे बेटे ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। दो भाइयों में हुआ झगड़ा, मां ने किया बीच-बचाव पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बतया कि सोमवार देर शाम नंदाल गांव में कालो देवी के बड़े बेटे सौदागर राय और छोटे बेटे भगीरथ राय के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच झगड़ा मारपीट तक पहुंच गया। बेटों को लड़ता देख कालो देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान छोटे बेटे भगीरथ राय ने अपनी मां पर हमला कर दिया और लाठी-डंडे तथा लात-घूंसों से उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी। मां को बेहोश देख मौके से भागा आरोपित पिटाई से कालो देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। बताया गया कि मां को अचेत देखकर भगीरथ राय वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर आबादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बारसोई ले गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने कालो देवी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया। बड़ी बहू ने देवर पर लगाया हत्या का आरोप मंगलवार सुबह बारसोई अनुमंडलीय अस्पताल में मृतका के बड़े बेटे सौदागर राय की पत्नी ने अपने देवर भगीरथ राय पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने रोते हुए बताया कि सोमवार रात भगीरथ ने अपनी मां की बेरहमी से पिटाई की थी, जिसके कारण उनकी जान चली गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। डायल 112 पर मिली सूचना, पुलिस ने की कार्रवाई आबादपुर थानाध्यक्ष मोहम्मद शादाब ने मंगलवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार देर शाम डायल 112 पर नंदाल गांव में दो भाइयों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहां कालो देवी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। पुलिस उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल ले गई, जहां उनकी मौत हो गई। आरोपित की पत्नी गिरफ्तार, भगीरथ की तलाश जारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित भगीरथ राय की पत्नी दुलारी देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घटना के बाद से फरार भगीरथ राय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।