Full Story

किशनगंज/कटिहार/पटना। बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मंगलवार को किशनगंज जिले के सर्व शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए किशनगंज और कटिहार के चार ठिकानों पर छापेमारी और प्रारंभिक जांच में दंपती के पास ज्ञात आय से करीब 87.49 प्रतिशत अधिक यानी कुल दो करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये की संपत्ति होने का मामला सामने आया है। पूर्णिया में दर्ज हुआ मामला, विशेष अदालत से मिला तलाशी वारंट ईओयू ने बयान जारी कर बताया कि रूबी कुमारी और उनके पति के खिलाफ पूर्णिया जिले के सहायक थाने में आर्थिक अपराध कांड संख्या 31/26 दर्ज किया गया है। यह मामला 02 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिलने के बाद जांच एजेंसी ने पटना स्थित निगरानी की विशेष अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त किया। सुबह सात बजे किशनगंज में दो जगह दबिश ईओयू की टीम ने मंगलवार सुबह करीब सात बजे किशनगंज के रूईधासा स्थित सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय और लाइन मुहल्ले में डीपीओ रूबी कुमारी के किराए के मकान पर एक साथ तलाशी शुरू की। ईओयू के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राकेश कुमार ने बताया कि किशनगंज में 12 सदस्यीय टीम जांच में जुटी है। इस दौरान जमीन, वाहन और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। रूबी कुमारी से पूछताछ भी की गई। तलाशी के दौरान दोनों ठिकानों पर सदर थाने की पुलिस तैनात रही और बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। कटिहार में भी दो ठिकानों की तलाशी ईओयू की टीम ने कटिहार में भी दो स्थानों पर कार्रवाई की। इनमें ऑफिसर कॉलोनी स्थित आवासीय भवन और तीन अपार्टमेंट वाले मकान की तलाशी शामिल है। ऑफिसर कॉलोनी के आवास पर 12 से अधिक अधिकारी पहुंचे। जांच के दौरान बैंक खातों, जमीन के कागजात, वाहनों, लॉकर और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए। इसके अलावा किशनगंज में डीपीओ कार्यालय के साथ उनके एक करीबी संबंधी के किराए के आवास को भी तलाशी के दायरे में रखा गया। आय से 87.49 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप प्रारंभिक जांच में रूबी कुमारी और उनके पति के पास दो करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये की संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 87.49 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, छापेमारी के दौरान बरामद नकदी, दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों का अंतिम विवरण अभी जारी नहीं किया गया है। ईओयू ने स्पष्ट किया है कि तलाशी पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी। पूर्णिया और कटिहार में भी रह चुकी हैं डीपीओ उल्लेखनीय है कि रूबी कुमारी जुलाई 2025 से किशनगंज में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह करीब तीन वर्षों तक कटिहार में तैनात थीं। कटिहार से पहले पूर्णिया में भी डीपीओ के रूप में काम कर चुकी हैं। उनके पति कटिहार रेल मंडल में सीनियर टीटीई के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, उनके ससुर मुक्ति यादव कटिहार की मारवाड़ी पाठशाला से प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। फिलहाल ईओयू की जांच जारी है। संपत्ति के स्रोत, वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।