Full Story
सीवान। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की सीवान जिला इकाई ने मंगलवार को बड़हरिया विधानसभा क्षेत्र के पचरुखी में 'लोकतंत्र बनाम अराजकता' विषय पर युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें भाजपा नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी बताते हुए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संवैधानिक प्रक्रियाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। मतदाता सूची की शुद्धता पर जनमेजय सिंह का जोर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी जनमेजय सिंह ने मंगलवार को यहां डेल्टा कोचिंग सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना आवश्यक है। इसके लिए मतदाता सूची में सही और विश्वसनीय जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझें और किसी भी मुद्दे पर अपनी राय बनाने से पहले तथ्यों की जानकारी जरूर लें। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी विपक्षी दलों पर एसआईआर सहित संवैधानिक प्रक्रियाओं को लेकर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष को इन प्रक्रियाओं पर सवाल उठाने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में भी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। राहुल तिवारी बोले- विरोध का अधिकार, लेकिन भ्रम फैलाना उचित नहीं भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी नागरिकों को है लेकिन इसके नाम पर गलतफहमी पैदा करना उचित नहीं है। उन्होंने एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और भरोसेमंद बनाना बताया और युवाओं से अपने अधिकारों के साथ संवैधानिक कर्तव्यों को भी समझने की अपील की। मतदान के साथ लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी भाजयुमो जिलाध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका केवल मतदान तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को चुनाव प्रक्रिया, संवैधानिक अधिकारों और नागरिक जिम्मेदारियों की जानकारी रखनी चाहिए, ताकि वे सार्वजनिक मुद्दों पर जागरूकता के साथ भागीदारी कर सकें। केंद्र की योजनाओं पर भी हुई चर्चा संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया गया। श्री जनमेजय सिंह ने युवाओं से इन योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में मतदाता सूची पुनरीक्षण, लोकतांत्रिक अधिकारों, संवैधानिक दायित्वों और सरकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर विचार रखे गए।



Comments
0