Full Story

किशनगंज। बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) टीम ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मंगलवार सुबह किशनगंज में सर्व शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) रूबी कुमारी के किशनगंज और कटिहार स्थित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की, जहां जांच टीम जमीन, वाहन, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल करने के साथ उनसे पूछताछ भी कर रही है। सुबह सात बजे कार्यालय और किराए के मकान में दबिश ईओयू की विशेष टीम मंगलवार सुबह करीब सात बजे किशनगंज में दो स्थानों पर पहुंची। अधिकारियों ने रूईधासा स्थित सर्व शिक्षा अभियान के कार्यालय और लाइन मुहल्ले में रूबी कुमारी के किराए के आवास पर एक साथ तलाशी शुरू की। कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। दोनों परिसरों के बाहर सदर थाने की पुलिस तैनात की गई है। मुख्य प्रवेश द्वारों पर बाहरी लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। आय से 87.49 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप ईओयू के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राकेश कुमार ने बताया कि रूबी कुमारी के खिलाफ आय से 87.49 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा कि किशनगंज में जांच के लिए 12 सदस्यीय टीम पहुंची है। तलाशी के दौरान जमीन, गाड़ी और अन्य संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। रूबी कुमारी से भी पूछताछ की गई है। गुप्त सूचना और प्रारंभिक जांच में वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद न्यायालय से तलाशी वारंट लेकर कार्रवाई शुरू की गई। कटिहार के आवास पर भी छापेमारी किशनगंज के साथ कटिहार में भी ईओयू ने कार्रवाई की है। सहायक थाना क्षेत्र की ऑफिसर कॉलोनी स्थित रूबी कुमारी के आवासीय भवन में 12 से अधिक अधिकारी तलाशी लेने पहुंचे। जांच टीम बैंक खातों, जमीन के कागजात, अन्य अचल संपत्तियों और लॉकर से संबंधित जानकारी की पड़ताल कर रही है। फिलहाल बरामद संपत्ति का कुल मूल्य स्पष्ट नहीं हुआ है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही जांच एजेंसी की ओर से बरामदगी और कथित आय से अधिक संपत्ति का विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है। पूर्णिया और कटिहार में भी रह चुकी हैं डीपीओ गौरतलब है कि रूबी कुमारी जुलाई 2025 से किशनगंज में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह करीब तीन वर्षों तक कटिहार में तैनात थीं। कटिहार से पहले पूर्णिया में भी शिक्षा विभाग में डीपीओ के रूप में सेवा दे चुकी हैं। उनके पति गौरव कुमार यादव उर्फ बंटी यादव कटिहार रेल मंडल में सीनियर टीटीई हैं। वहीं, उनके ससुर मुक्ति यादव कटिहार के मारवाड़ी पाठशाला से प्रधानाध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।