Full Story

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में कथित भूमि माफिया राकेश शर्मा के ठिकाने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई में हथियारों का जखीरा, 27 लाख रुपये नकद और 15 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की जमीन के दस्तावेज बरामद किए गए हैं। छतौनी स्थित आवास पर सोमवार रात हुई छापेमारी में दो राइफल, दो पिस्टल, करीब 100 कारतूस, जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े 65 से अधिक दस्तावेज और छह बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। मौके से राकेश शर्मा के पुत्र साहिल शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। राकेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर तीन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पुलिस को राकेश शर्मा के आवास पर अवैध धन और प्रतिबंधित वस्तुएं रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम ने छापेमारी की। बरामदगी में बड़ी संख्या में जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस उनके सत्यापन में जुटी है। जब्त कागजात का मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है। पुलिस हथियारों, कारतूस और नकदी के स्रोत के साथ जमीन के दस्तावेजों से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश पांडे के नेतृत्व में राकेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार साहिल शर्मा से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि छापेमारी में नकदी, जमीन के दस्तावेज, आग्नेयास्त्र, कारतूस और शराब जब्त की गई है। सभी बरामद वस्तुओं का सत्यापन किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।