Full Story
कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के मनिहारी में मंगलवार को गंगा नदी में डूबने से 22 वर्षीय राजेश चौरसिया उर्फ छोटू की मौत हो गई वहीं पुरानी हाट के पास नदी में 24 वर्षीय आशु कुमार चौधरी का शव मिला। नहाते समय फिसला पैर, गहरे पानी में डूबा छोटू पहली घटना मनिहारी के मुख्य गंगा घाट पर हुई। मनिहारी नगर निवासी गुड्डू चौरसिया के 22 वर्षीय पुत्र राजेश चौरसिया उर्फ छोटू गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए। घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट की मदद से नदी में उनकी तलाश करने लगी। पुरानी हाट के पास नदी में मिला आशु का शव तलाशी अभियान के दौरान पुरानी हाट स्थित गंगा नदी में एक अन्य युवक का शव बहता देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया।लोगों की आवाज सुनकर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान मनिहारी बाजार निवासी दिलीप चौधरी के 24 वर्षीय पुत्र आशु कुमार चौधरी के रूप में हुई। सोमवार शाम घर से निकला था आशु, फिर नहीं लौटा आशु के चाचा प्रदीप चौधरी ने बताया कि उनका भतीजा सोमवार की शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मंगलवार को गंगा नदी में आशु का शव मिलने की सूचना से परिवार स्तब्ध रह गया। परिजन घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान की। एसडीपीओ और थानाध्यक्ष ने लिया घटनास्थल का जायजा घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ विनोद कुमार और मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस बल के साथ दोनों घटनास्थलों पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनाओं के संबंध में जानकारी ली। थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया गया है।



Comments
0