Full Story

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में गायघाट चौक पर धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से तेज रफ्तार एसयूवी की जोरदार टक्कर में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गायघाट चौक पर खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली, तभी हुआ हादसा पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात गायघाट चौक पर धान से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पहले से खड़ी थी। इसी दौरान मोतिहारी की ओर जा रही तेज रफ्तार एसयूवी उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी में सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। सेवराहा के मनु और शुभम की मौत, गांव में शोक मृतकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सेवराहा गांव निवासी 26 वर्षीय मनु कुमार उर्फ मन्नू सिंह और 25 वर्षीय शुभम सिंह के रूप में हुई है। मनु कुमार चड़रहिया पंचायत के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र थे। वह सेवराहा गांव में ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) चलाते थे। दूसरे मृतक शुभम सिंह सेवराहा निवासी अजय सिंह के पुत्र थे। दोनों युवकों की अचानक हुई मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। फरवरी में बजी थी शुभम की शहनाई, अब घर में मातम इस हादसे का सबसे दुखद पहलू शुभम सिंह की हाल ही में हुई शादी है। शुभम की शादी इसी साल 20 फरवरी 2026 को धूमधाम से हुई थी। शादी के महज आठ महीने बाद सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। जिस परिवार में कुछ महीने पहले शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अब मातम छा गया है। शुभम की असामयिक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। आदित्य और गोलू गंभीर, अलग-अलग शहरों में चल रहा इलाज दुर्घटना में घायल दो अन्य युवकों की पहचान मानिकपुर हसुआहा निवासी आदित्य सिंह और मटियरिया निवासी 23 वर्षीय गोलू कुमार के रूप में हुई है। आदित्य सिंह स्वर्गीय विजय सिंह के पुत्र हैं, जबकि गोलू कुमार के पिता का नाम रमेश सिंह है। हादसे के बाद दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, आदित्य सिंह का इलाज पटना में चल रहा है, जबकि गोलू कुमार को मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया है। रात में ही हुआ पोस्टमार्टम, परिजनों को सौंपे गए शव दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद हरसिद्धि थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का रात में ही पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।