Full Story
सीवान। बिहार एसटीएफ और सीवान पुलिस की संयुक्त टीम ने एमएच नगर थाना क्षेत्र के डिब्बी गांव में छापेमारी की और हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत नौ आपराधिक मामलों में आरोपित चंदन कुमार सिंह और उसके सहयोगी विकास कुमार को गिरफ्तार कर चार पिस्तौल, पांच मैगजीन, 58 कारतूस, दो लग्जरी गाड़ियां, छह मोबाइल फोन और 45220 रुपये नकद बरामद किए हैं। बड़ी वारदात की योजना बनाने की सूचना पर छापा पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को एमएच नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि डिब्बी गांव का चंदन कुमार सिंह अपने साथियों के साथ हथियार लेकर किसी बड़ी आपराधिक घटना की तैयारी कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एमएच नगर थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई और एसटीएफ की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने चंदन के घर पर दबिश दी तो वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति फरार हो गया। गिरफ्तार अपराधियों में डिब्बी गांव निवासी चंदन कुमार सिंह और आंदर थाना क्षेत्र के मदेशिलापुर निवासी विकास कुमार शामिल हैं। कमर से पिस्तौल, जेब से अतिरिक्त मैगजीन पुलिस ने तलाशी के दौरान चंदन की कमर से एक ऑटोमेटिक देसी पिस्तौल बरामद की, जिसकी मैगजीन में आठ कारतूस थे। उसकी शर्ट की जेब से एक अतिरिक्त मैगजीन और मोबाइल फोन भी मिला। वहीं, विकास कुमार के पास से एक देसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। फोर्ड एंडेवर और थार से भी मिले हथियार दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने घर के सामने बने गैराज की तलाशी ली। गैराज में खड़ी फोर्ड एंडेवर से एक पिस्तौल और पांच कारतूस मिले। वहीं, लाल रंग की महिंद्रा थार से भी एक पिस्टल, मैगजीन और ड्रैगन टॉर्च बरामद की गई। इसके बाद घर में रखे एक काले बैग की जांच की गई, जिसमें 38 जिंदा कारतूस, 45,220 रुपये नकद और चार कीपैड मोबाइल फोन मिले। इस तरह पूरी कार्रवाई में चार पिस्तौल, पांच मैगजीन, 58 कारतूस और छह मोबाइल फोन बरामद हुए। चंदन के खिलाफ 16 वर्षों में नौ मामले दर्ज श्री सोनी ने बताया कि चंदन कुमार सिंह के खिलाफ वर्ष 2010 से 2026 के बीच कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2014, 2017 और 2018 में उसके खिलाफ हत्या से संबंधित मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2023 में रंगदारी और हत्या के प्रयास से जुड़े मामले सामने आए, जबकि अप्रैल 2026 में भी एमएच नगर थाने में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आर्म्स एक्ट में नई प्राथमिकी, फरार आरोपित की तलाश इस कार्रवाई को लेकर एमएच नगर थाने में दो नवंबर 2026 को कांड संख्या 412/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छापेमारी के दौरान फरार हुए तीसरे व्यक्ति की तलाश भी की जा रही है।



Comments
0