Full Story
मोतिहारी। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर छिड़ी सियासी जंग के बीच विपक्ष पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाए जाने के दावे को भ्रामक बताया और कहा कि निष्पक्ष चुनाव तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है। एक दिन, दो मंच और निशाने पर विपक्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रव्यापी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत मंगलवार को मोतिहारी में दो कार्यक्रम आयोजित हुए। बरियारपुर बनकट स्थित एसएनएस टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में युवा संवाद और शाम को गांधी कॉम्प्लेक्स स्थित भाजपा कार्यालय में प्रमुख नागरिक गोष्ठी हुई। दोनों मंचों से श्री सिंह ने एसआईआर पर पार्टी का पक्ष रखते हुए विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए। 13 करोड़ नामों के दावे पर उठाए सवाल सांसद ने स्पष्ट किया कि एसआईआर के तहत मृत मतदाताओं, अनुपस्थित लोगों, स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके मतदाताओं और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की पहचान की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस प्रक्रिया को मतदाताओं के नाम हटाने के रूप में प्रचारित कर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की गड़बड़ियों को दूर करना चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता के लिए आवश्यक है। ऐसी प्रक्रिया पर राजनीति करने के बजाय सही जानकारी जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए। युवाओं से बोले- भ्रम नहीं, जिम्मेदारी चुनें श्री सिंह ने 'युवा संवाद : लोकतंत्र बनाम अराजकता' कार्यक्रम में युवाओं को देश के भविष्य का सबसे मजबूत आधार बताया और कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों को समझने, गलत सूचनाओं से सतर्क रहने और देशहित से जुड़े विषयों पर सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। नशे से दूरी, विकसित भारत से जुड़ाव सांसद ने युवा संवाद में राजनीतिक मुद्दों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी जोर दिया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, अनुशासित जीवन अपनाने और सकारात्मक सोच विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवा पीढ़ी की भागीदारी निर्णायक होगी। कार्यक्रम में कॉलेज के संस्थापक एवं समाजसेवी आलोक शर्मा, प्राचार्य सहित सैकड़ों विद्यार्थी और युवा मौजूद रहे। नागरिक गोष्ठी में लोकतंत्र और एकजुटता पर जोर शाम को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रमुख नागरिक गोष्ठी में भी एसआईआर का मुद्दा छाया रहा। श्री सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती सिर्फ मतदान कराने से नहीं बल्कि नागरिकों की जागरूकता, सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास से तय होती है। उन्होंने लोगों से समाज में सकारात्मक माहौल बनाने और अराजकता के खिलाफ एकजुट रहने का आह्वान किया। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया। गोष्ठी में जुटे विधायक और प्रमुख नागरिक गोष्ठी में पूर्व मंत्री एवं मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, पूर्व मंत्री एवं हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान, पिपरा विधायक श्याम बाबू यादव, कल्याणपुर विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह और चिरैया विधायक लालबाबू गुप्ता शामिल हुए। इनके अलावा बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, गोविंदगंज के पूर्व विधायक सुनील मणि तिवारी और उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद समेत विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों प्रमुख नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा उपाध्यक्ष सुधांशु रंजन ने किया।



Comments
0