Full Story

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में हरसिद्धि पुलिस ने रक्सौल से छपवा के रास्ते अरेराज ले जाई जा रही गांजे की खेप पकड़कर तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार की सीटों के नीचे बने गुप्त तहखाने तथा पिछली लाइट में छुपाये गए 58.93 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। कार की सीटों के नीचे तहखाना, बैक लाइट में भी छुपाए पैकेट पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि कुछ लोग रक्सौल सीमा क्षेत्र से छपवा होते हुए अरेराज की ओर कार में गांजे की खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद अरेराज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। दंडाधिकारी की मौजूदगी में वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान छपवा की ओर से आ रही काले रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कार की बीच और पिछली सीटों के नीचे बने गुप्त तहखाने तथा बैक लाइट के अंदर छिपाकर रखे गए गांजे के 17 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में करीब 58.8 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिला सुराग, झड़वा गांव से कथित सरगना गिरफ्तार कार से पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम झड़वा गांव पहुंची और वहां से गांजा तस्करी के कथित मुख्य सरगना नाजिम खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने नाजिम के पास से 130 ग्राम गांजा और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया। इस तरह कार और घर से बरामद गांजे का कुल वजन 58.93 किलोग्राम हो गया। कथित सरगना पर पहले से आधा दर्जन आपराधिक मामले गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झड़वा गांव निवासी नाजिम खान, खजुरिया बहादुरपुर निवासी सहीम राय और राय टोला बहादुरपुर निवासी सबीर हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, नाजिम खान के खिलाफ पहले से आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस तीनों आरोपितों से जुड़े तथ्यों और तस्करी के मामले की आगे जांच कर रही है। गांजे के साथ कार, मोबाइल और तराजू भी जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 58.93 किलोग्राम गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार भी जब्त की। इसके साथ दो मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य कागजात बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की कार्रवाई छापेमारी दल में अरेराज के एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा, अरेराज अंचल निरीक्षक अजय कुमार सिंह, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार और अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, वाहन जांच में गांजे की खेप मिलने के बाद पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से तीसरे आरोपित तक पहुंचा गया।