Full Story

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर रेतवा में सोमवार रात घर से बुलाकर ले जाए गए युवक दीपक कुमार की मंगलवार सुबह नदी किनारे लहूलुहान लाश मिली। युवक की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या की गई। उसके शरीर पर दो दर्जन से अधिक जख्म मिले हैं। हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंके जाने की आशंका है। मृतक की पहचान जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे गांव के ही सुनील के पुत्र समेत तीन युवक दीपक को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसकी हत्या की खबर मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे। घटनास्थल पर मिले कई सुराग पुलिस को घटनास्थल से दीपक की बाइक की चाबी मिली है। इसके अलावा मीट-भुंजा और शराब के खाली पाउच भी बरामद किए गए हैं। इन सामानों से पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले घटनास्थल पर कुछ लोग मौजूद थे। हालांकि इन वस्तुओं का हत्या से सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। दीपक के शरीर पर चाकू से किए गए दो दर्जन से अधिक जख्म मिले हैं। जख्मों की संख्या और प्रकृति हत्या की निर्ममता की ओर इशारा करती है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य सूचना मिलते ही तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान और अन्य सुरागों को जांच के लिए सुरक्षित किया है।पुलिस के अनुसार मृतक को घर से बुलाकर ले जाने वाले युवकों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दीपक को घर से बुलाकर ले जाने वाले तीनों युवकों के साथ उसका क्या संबंध था, वे उसे कहां ले गए और उसके बाद घटनास्थल पर क्या हुआ। इन सवालों के जवाब मिलने के बाद ही हत्या की पूरी कड़ी सामने आने की उम्मीद है।