Full Story

मोतिहारी। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री सह पूर्वी चंपारण के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने आज गांधी जयंती के अवसर पर कहा कि चंपारण की ऐतिहासिक धरती से महात्मा गांधी ने किसानों के अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रीय आंदोलन का स्वरूप देकर सत्याग्रह के जरिए देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी थी। गांधी जयंती पर गांधी मैदान स्थित बाल उद्यान में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मंत्री श्रवण कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मंत्री ने कहा कि मोतिहारी की धरती ऐतिहासिक और प्रेरणादायी है। चंपारण से गांधीजी का गहरा जुड़ाव रहा है। यहीं से उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर सत्याग्रह का नेतृत्व किया और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने का काम किया। गांधी जयंती पर बापू की कर्मभूमि में आकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना सौभाग्य की बात है। गांधी के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक श्रवण कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश देकर देशवासियों को एकजुट किया। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। गांधीजी की जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का दिन भी है। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मंत्री ने कहा कि शास्त्रीजी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश की प्रगति में सैनिकों और किसानों के योगदान को रेखांकित किया था। उनका सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। जिला प्रशासन के आयोजन में उमड़े शहरवासी जिला प्रशासन, पूर्वी चंपारण की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, एडीएम पीजीआरओ शैलेंद्र कुमार भारती, एडीएम विभागीय जांच मो. सिबगतुल्लाह सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भी दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। प्रभारी मंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर गांधीजी के विचारों को आत्मसात करने और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।