Full Story
सीवान। बिहार के सीवान रेलवे स्टेशन पर जनसेवा एक्सप्रेस के एक यात्री का मोबाइल लेकर भाग रहे युवक को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल बरामद किया है। आरोपी की पहचान गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र के दक्षिण मोहल्ला निवासी मुन्ना जायसवाल के 21 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सीवान रेल थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ट्रेन पहुंचते ही मोबाइल लेकर भागा युवक आरपीएफ ने गुरुवार को बताया कि बुधवार की शाम 5:22 बजे गाड़ी संख्या 14617 जनसेवा एक्सप्रेस सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची थी। इसी दौरान एक यात्री का मोबाइल लेकर युवक भागने लगा। मौके पर मौजूद आरपीएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से नीले रंग का रियलमी मोबाइल मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये है। छपरा से गोरखपुर तक चोरी करने का आरोप गिरफ्तार विशाल कुमार छपरा से गोरखपुर के बीच पड़ने वाले रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में घूमकर यात्रियों के कीमती सामानों को निशाना बनाता था। आरपीएफ ने बताया कि विशाल के खिलाफ सीवान के राजकीय रेल थाने में पहले भी कांड संख्या 24/26 दर्ज है। ऐसे में पुलिस उसके पिछले रिकॉर्ड को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। रेल थाने में केस दर्ज, जांच शुरू मोबाइल बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद आरोपी विशाल कुमार के खिलाफ राजकीय रेल थाना सीवान में कांड संख्या 179/26 दर्ज किया गया है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) और 317(4) के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जिम्मेदारी सहायक उप निरीक्षक दिनेश पासवान को सौंपी गई है। इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट सीवान के सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार यादव, कांस्टेबल विनोद कुमार वर्मा और कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे।



Comments
0